Kanpur: अमृत पेयजल योजना ने सड़कों की कर दी दुर्दशा, गिर रहे लोग…उड़ रही धूल, जिम्मेदारों को कोस रही जनता
Kanpur News: शुक्लागंज नगर में अमृत पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों की बार-बार खुदाई करने और पैचवर्क न कराने से मार्ग धूल भरे गड्ढों में बदल गए हैं। इससे लोग लगातार चुटहिल हो रहे हैं। जल निगम ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है।
विस्तार
शुक्लागंज नगर के कई मुख्य मार्ग और मोहल्लों की गलियों की हालत अमृत पेयजल योजना ने बदतर कर दी है। भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने के चलते सड़कों को दो-दो बार खोदा जा रहा है। जिससे जगह-जगह सड़कों की दुर्दशा हो गई है। ऐेसे में जिम्मेदार जल निगम को लोग कोस रहे है। खुदाई करने के बाद पैचवर्क नहीं कराया जा रहा है। जिससे लोग गिरकर चुटहिल हो रहे है और सड़क पर चलने वाले धूल फांक रहे है। बता दें कि जल निगम की अमृत पेयजल योजना का कार्य तीन साल पहले शुक्लागंज में शुरू हुआ था।
जिसे दो साल के अंदर करना था, लेकिन एक साल अधिक बीत जाने के बाद भी 40 फीसदी कार्य शेष है। जिसमें भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने का कार्य अधिक है। जल निगम की कार्यदायी एजेंसी द्वारा राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, कंचन नगर मोड़, गोपीनाथ पुरम मोड़, आजाद नगर बाजार मोड़, सहजनी-देवारा खुर्द संपर्क मार्ग, मरहला चौराहा के अलावा मोहल्ला ब्रम्हनगर, श्रीनगर, मालवीय नगर, अहमद नगर, रहमत नगर, मंशाखेड़ा, रामनगर समेत अन्य जगहों की गलियों की खुदाई तो कर दी गईं लेकिन पाइप लाइन डालने के बाद उनका बेहतर तरीके से पैचवर्क नहीं कराया गया।
जल्द से जल्द पैचवर्क कराने के निर्देश
जिससे मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के दरमियान भीषण धूल उड़ती है। राहगीरों का सड़कों पर चलना दूभर है। साथ ही जगह-जगह गड्ढे होने और मार्ग सकरा होने के कारण राहगीर गिर कर चुटहिल हो रहे हैं। नगर के समाज सेवी डॉ. एस.जी. शुक्ला, सौरभ शुक्ला, जनता कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि लापरवाही को लेकर जल निगम को लोग कोस रहे है। जल निगम के एई सुनील कुमार ने बताया कि कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदार को सभी जगहों पर जल्द से जल्द पैचवर्क कराने को बोला गया है।