कानपुर: शिक्षक ने फंदा लगाकर दी जान, नौकरी छोड़ने के बाद तनाव में थे, कमरे में पंखे से लटका मिला था शव
Kanpur News: कल्याणपुर अंतर्गत अशोक नगर में चंडीगढ़ के एक कॉलेज में पढ़ाने वाले पूर्व शिक्षक ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन माह पूर्व नौकरी छोड़कर घर लौटा युवक अवसाद व तनाव से जूझ रहा था। पुलिस ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
कानपुर में चंडीगढ़ के एक कॉलेज में पढ़ाने वाले आयुष द्विवेदी (26) ने नौकरी छोड़ने के बाद तनाव के चलते शनिवार रात कल्याणपुर के अशोक नगर स्थित घर में जान दे दी। करीब तीन माह पहले नौकरी छोड़कर कानपुर लौटे आयुष के कमरे में देर रात परिजन को उसका शव पंखे के सहारे लटका मिला। परिजन उसे फंदे से उतारकर बारासिरोही सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। अशोक नगर निवासी अजय कुमार द्विवेदी सरकारी अस्पताल में तैनात हैं। उनकी पत्नी मधु द्विवेदी हैं। दंपती के दो बेटों में बड़ा अनुराग गुड़गांव में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा आयुष चंडीगढ़ के एक कॉलेज में पढ़ाता था। परिजन के मुताबिक, करीब तीन माह पहले आयुष ने किसी कारण से नौकरी छोड़ कानपुर लौट आया था। इसके बाद से वह तनाव में रहने लगा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति
परिजन ने बताया कि शनिवार रात आयुष बिना खाना खाए कमरे में सोने चला गया था। कुछ देर बाद बड़ा भाई अनुराग उसे बुलाने पहुंचा। कमरे में आयुष का शव पंखे के सहारे लटका देखकर उसके होश उड़ गए। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजन ने आयुष के नौकरी छोड़ने के बाद तनाव में रहने की जानकारी दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।