कानपुर: UP T20 लीग का बढ़ेगा दायरा, 5वें सीजन में खेलेंगी आठ टीमें, दो नई फ्रेंचाइजी के लिए चार शहरों में होड़
Kanpur News: यूपी टी-20 लीग के पांचवें सीजन में अब छह की जगह आठ टीमें हिस्सा लेंगी। दो नई फ्रेंचाइजी के लिए प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा के बीच होड़ लगी है, जिससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए मौकों का दायरा बढ़ेगा।
विस्तार
कानपुर में यूपी टी-20 लीग के पांचवें सीजन में क्रिकेट का रोमांच और बढ़ने वाला है। लीग में अब छह की जगह आठ टीमें हिस्सा लेंगी। चौथे सीजन के दो शहरों में सफल आयोजन के बाद गवर्निंग काउंसिल ने नए सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दो नई फ्रेंचाइजी को शामिल करने के लिए प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा के बीच प्रतिस्पर्धा है। इनमें से दो शहरों को टीम आवंटित की जाएगी। पांचवें सीजन के मुकाबले कानपुर और लखनऊ के अलावा वाराणसी के नवनिर्मित स्टेडियम में भी कराने की तैयारी है।
आयोजन स्थलों को लेकर अंतिम फैसला उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) करेगा। यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि चौथे सीजन में भी कई शहरों ने फ्रेंचाइजी हासिल करने में रुचि दिखाई थी। अब पांचवें सीजन में दो नई टीमों को मौका देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि आईपीएल के बाद यूपी टी-20 लीग देश की चर्चित क्रिकेट लीगों में शामिल हो गई है।
प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अवसर भी बढ़ेंगे
इस मंच से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है और कई खिलाड़ी आईपीएल तक का सफर तय कर रहे हैं। दो नई टीमों के शामिल होने से प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अवसर भी बढ़ेंगे। अभी तक लीग में करीब 120 से 150 क्रिकेटरों को खेलने का मौका मिलता है। टीमों की संख्या आठ होने पर यह आंकड़ा बढ़कर 180 से 200 तक पहुंचने की उम्मीद है। डॉ. कपूर के अनुसार यूपीसीए के शीर्ष पदाधिकारियों और गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद पांचवें सीजन की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी।
