कानपुर: 21 साल बाद मां की मौत का रिकॉर्ड खोजने पहुंचा बेटा, रजिस्टर में नहीं मिला ब्योरा, सीएमओ से गुहार
Kanpur News: काकादेव थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर निवासी केशव सिंह अपनी मां माया देवी की मौत के 21 साल बाद मृत्यु प्रमाणपत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। 29 अगस्त 2004 को हुई मां की आत्महत्या के समय केशव नाबालिग थे, जिससे उनके पास कोई दस्तावेज नहीं था।
विस्तार
कानपुर में मां की मौत के 21 साल बाद उसका मृत्यु प्रमाणपत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल करने के लिए बेटा सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित मकान में 29 अगस्त 2004 को माया देवी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका पोस्टमार्टम कराया गया था। घटना के समय बेटा केशव सिंह नाबालिग था।
इस वजह से उसके पास मां की मौत से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं हैं। अब रिकॉर्ड तलाशने के लिए उसने सीएमओ को प्रार्थनापत्र दिया है। केशव सिंह के मुताबिक, उनकी मां माया देवी की मौत रक्षाबंधन के दिन हुई थी। उस समय वह नाबालिग था। परिवार के पास पोस्टमार्टम संख्या, पुलिस रिपोर्ट, पंचनामा या मृत्यु से संबंधित कोई मूल दस्तावेज सुरक्षित नहीं है।
संबंधित नाम की कोई प्रविष्टि नहीं मिली
उनका कहना है कि घटना में कोई मुकदमा भी दर्ज नहीं हुआ था। ऐसे में पुलिस विभाग से भी रिकॉर्ड मिलने की उम्मीद नहीं है। आवेदन के आधार पर पुराने अभिलेखों की जांच की गई तो 29 मार्च 2004 के रजिस्टर में संबंधित नाम की कोई प्रविष्टि नहीं मिली। वहीं, वर्ष 2006 के पोस्टमार्टम रजिस्टर में पीएम नंबर 1610/26, दिनांक नौ अगस्त 2006 और समय 3:30 बजे की एक प्रविष्टि मिली। इसमें माया सिसोदिया (40) निवासी विजय नगर काकादेव का विवरण दर्ज है।
घटना से संबंधित अभिलेख मिलने का इंतजार है
हालांकि, यह विवरण आवेदक की मां माया देवी से संबंधित है या नहीं। इसकी पुष्टि नहीं हुई है। केशव ने अस्पताल के पुराने रजिस्टरों और संबंधित विभागों के अभिलेखों में दोबारा तलाश कराकर मां की मृत्यु से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही रिकॉर्ड मिलने पर मृत्यु प्रमाणपत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति देने का अनुरोध किया है। फिलहाल 2004 की घटना से संबंधित अभिलेख मिलने का इंतजार है।