Kanpur: बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर छह लाख की चोरी, फ्रिज पर औजार छोड़ गए चोर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
Kanpur News: जाजमऊ में एक विधवा महिला के दिल्ली जाने के दौरान चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात समेत छह लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश कर रही है।
विस्तार
कानपुर के जाजमऊ में चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात समेत छह लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार दिल्ली गया था। शनिवार को वापस लौटे, तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। जाजमऊ के वाजिदपुर की निवासी विधवा महिला खुशनुदा अपने 22 वर्षीय बेटे जीशान अहमद के साथ रहती हैं। बेटा प्राइवेट कार चालक है।
महिला खुशनुदा ने बताया कि उनके पति इसरार की कई साल पहले कैंसर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। महिला ने बताया कि बीती 17 अक्टूबर को वह बेटे के साथ अपनी ससुराल दिल्ली गई थी। घर पर ताला लगा हुआ था। इसी बीच चोर मेनगेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरों व अलमारी का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये व जेवरात समेत छह लाख के माल पर हाथ साफ कर गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
शनिवार की दोपहर को जब खुशनुदा घर लौटी, तो चोरी की जानकारी हुई। इसकक बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। वहीं, चोर चोरी करने के बाद घर मे रखी फ्रिज के ऊपर रेती, रिंच और नकली चाबी छोड़ गए। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर चोरी की शिकायत दर्ज किया जा रहा है। साथ ही, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरो की तलाश की जा रही है।