Kanpur: ‘साहब; पत्नी से परेशान हूं, मुझे मर जाने दो’, गंगा में कूद रहे युवक ने पुलिस के पकड़े पैर, पढ़ें मामला
Kanpur News: शुक्लागंज में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक नवीन गंगा पुल से छलांग लगाने पहुंचा, जिसे राहगीरों ने बचा लिया। युवक ने पुलिस के सामने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर के शुक्लागंज में कोतवाली गंगा घाट क्षेत्र के नवीन गंगा पुल पर खड़ा एक युवक अचानक गंगा नदी में छलांग लगाने लगा। तभी पास से गुजर रहे राहगीरों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर यूपी 112 के सिपाही पहुंचे, तो युवक पैर पकड़ कर उनसे बोला मुझे कूद जाने दो साहब पत्नी से बहुत परेशान हूं।
किसी तरह से पुलिस समझा कर युवक को कोतवाली लाई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मोहल्ला गांधीनगर शुक्लागंज निवासी अमन कुमार (24) ने बताया कि छह माह पहले शुक्लागंज की रहने वाली खुशी से उसका प्रेम विवाह हुआ था।
गंगा पुल आत्महत्या करने पहुंचा था अमन
शादी के बाद से ही वह बहुत परेशान रहने लगा। आरोप है पत्नी आए दिन उससे झगड़ा करती रहती है, जिससे परेशान होकर आज वह नवीन गंगा पुल आत्महत्या करने पहुंचा था। इस दौरान लोगों ने उसे बचा लिया। इस दौरान पुल मार्ग पर जाम की स्थिति भी रही।
पहले युवक का पत्नी से झगड़ा भी हुआ
घटना सुबह सात बजे की है। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को कोतवाली ले आई है। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान है। बताया गया कि घटना करने से पहले युवक का पत्नी से झगड़ा भी हुआ। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है।