{"_id":"6ac37e85ef92bc316608b5d0","slug":"kanpur-scuffle-at-petrol-pump-over-20-worth-of-fuel-youth-suffers-split-lip-2026-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: पेट्रोल के 20 रुपये को लेकर पंप पर मारपीट, युवक का होंठ फटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: पेट्रोल के 20 रुपये को लेकर पंप पर मारपीट, युवक का होंठ फटा
Mon, 05 Oct 2026 04:11 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Mon, 05 Oct 2026 04:11 PM IST
विज्ञापन
पेट्रोल पंप पर मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
बिधनू के माधव बाग बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार देर शाम पेट्रोल के 20 रुपये को लेकर युवकों और कर्मचारियों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। बाइक सवार युवकों का आरोप है कि उन्होंने 50 रुपये का पेट्रोल मांगा था, लेकिन कर्मचारी ने 30 रुपये का पेट्रोल डालकर 50 रुपये वापस कर दिए। बाकी 20 रुपये मांगने पर कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें एक युवक के होंठ पर चोट लग गई। दोनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। उधर, पंप मालिक ने युवकों पर लूट के इरादे से आने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मगरासा गांव निवासी नीरज पासवान के मुताबिक, उसके चाचा छोटे पासवान के घर के बाहर बंधी दो भैंसें रविवार को गायब हो गई थीं। नीरज साथी गुड्डू के साथ बाइक से उनकी तलाश में निकला था। हाईवे की ओर जाते समय बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों माधव बाग बाजार स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे।नीरज का आरोप है कि उसने 50 रुपये का पेट्रोल डालने के लिए कर्मचारी को 100 रुपये का नोट दिया।
विज्ञापन
कर्मचारी ने 30 रुपये का पेट्रोल डालकर 50 रुपये लौटा दिए। बाकी 20 रुपये मांगने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिसमें नीरज के होंठ पर चोट आई। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 20 रुपये को लेकर विवाद की बात सामने आई है। नीरज का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
उधर, पंप मालिक विनय माधव खन्ना ने युवकों के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि दोनों लूट के इरादे से पंप पर आए थे। उनका कहना है कि लूट से बचाव के दौरान स्टाफ और युवकों के बीच मारपीट हुई। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।