कानपुर: महीनों से गायब हैं सफाई कर्मचारी, महिलाओं ने उठाई झाड़ू और फावड़ा, खुद की नालियों की साफ-सफाई
Kanpur News: शिवराजपुर ब्लॉक स्थित मुस्ता गांव में लंबे समय से सफाई कर्मी न आने के कारण नालियां जाम हो गई हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इस व्यवस्था से तंग आकर महिलाओं ने खुद ही नालियों की सफाई करनी शुरू कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विस्तार
कानपुर में शिवराजपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले मुस्ता गांव में ग्राम पंचायत की बड़ी लापरवाही और सफाई व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। गांव में लंबे समय से सफाई कर्मचारी न आने के कारण नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी रास्तों और सड़कों पर फैला हुआ है।
जलभराव और गंदगी के इस नरक जैसे माहौल से परेशान होकर आखिरकार गांव की महिलाएं खुद ही सड़कों पर उतर आईं और हाथों में औजार लेकर खुद ही नालियों की सफाई करने लगीं। महिलाओं का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मुस्ता गांव में तैनात सफाई कर्मी लंबे समय से नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। इसके चलते नालियों की समय पर सफाई न होने से कचरा और गंदा पानी ओवरफ्लो होकर रास्तों पर भरने लगा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि ग्रामीणों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
महिलाओं ने खुद ही सफाई करने का बीड़ा उठाया
कई बार ग्राम पंचायत के अधिकारियों और संबंधित विभागों से शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो महिलाओं ने खुद ही श्रमदान कर सफाई करने का बीड़ा उठाया। महिलाओं द्वारा खुद नालियां साफ किए जाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। लोग गांव की बदहाल स्थिति और विभागीय उदासीनता पर तीखे सवाल खड़े कर रहे हैं।
