Kanpur: फर्जी आधार से बुक कराया था कमरा, युवक संग मैनेजर व केयरटेकर गिरफ्तार…भेजे गए जेल, ये था मामला
Kanpur News: फजलगंज थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में युवती का शव मिला था। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
कानपुर में फजलगंज के एक होटल में सोमवार को युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें युवती का फर्जी आधार लगाकर कमरा बुक कराने वाला ब्रोकर, होटल मैनेजर, केयरटेकर व युवती को होटल लाने वाला युवक शामिल है। इन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
युवती के पिता ने इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि कमरा बुक करने के लिए रोमा विश्वास नाम के फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। मृतका के पिता का आरोप है कि ये आधार पनकी निवासी ब्रोकर दीपक की मदद से होटल में संग जाने वाले लालबंगला निवासी उत्कर्ष ने तैयार करवाया था।
चारों आरोपियों को भेजा जेल
पिता ने होटल के केयरटेकर कौशलपुरी निवासी करन सिंह और फजलगंज निवासी होटल मैनेजर हर्ष कुमार वर्मा पर दोनों युवकों से मिलीभगत का आरोप लगाया। डीसीपी के अनुसार चारों आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, अपहरण, जालसाजी, आपराधिक षडयंत्र, जाली दस्तावेज समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।