Kanpur: डोमनपुर में साधन सहकारी समिति शुरू, अब गांव में ही मिलेगी खाद और केसीसी ऋण
सरसौल ब्लॉक के डोमनपुर गांव में बुधवार को नवगठित साधन सहकारी समिति का शुभारंभ किया गया। जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र वर्मा, डायरेक्टर हर्षवर्धन और राणा प्रेम बहादुर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर समिति का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि नरेंद्र वर्मा ने कहा कि समिति शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
पहले खाद और कृषि जरूरतों के लिए किसानों को करीब दस किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब उन्हें गांव में ही खाद, बीज और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही समिति के माध्यम से किसानों को केसीसी ऋण की सुविधा और गेहूं-धान की खरीद सरकारी दरों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। एडीओ सहकारिता रवि वर्मा ने बताया कि डोमनपुर के किसान लंबे समय से खाद की समस्या को लेकर शिकायत कर रहे थे।