Kanpur: पीएम आगमन रूट रहा चमक, बाकी सड़कों के हिस्से में धूल-गड्ढे, फेज-2 में काम तेज, धीमी गति से जूझता फेज-1
Kanpur News: प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के चलते कानपुर में वीआईपी सड़कों पर युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं, सीएम ग्रिड योजना के तहत पहले से चल रही फेज-1 की सड़कें अपनी समय सीमा खत्म होने के बाद भी अधूरी पड़ी हैं।
विस्तार
कानपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कें शहरियों को कई महीनों से दर्द दे रही हैं। इस बीच जुलाई के प्रथम सप्ताह में पीएम मोदी के संभावित आगमन को देखते हुए अफसरों ने किदवईनगर की तरफ योजना के फेज-2 के तहत बन रही सड़क को चमाचम करने के लिए पांच टीमें लगा दी हैं। दिन-रात काम किया जा रहा है। अफसर 50 फीसदी काम पूरा करने का दावा कर रहे हैं।
इसके इतर योजना के फेज-1 के तहत डेढ़ साल से बन रही पांच सड़कों का काम अभी 40 से 45 प्रतिशत ही हुआ है, जबकि समयावधि पूरी हो चुकी है। अनवरगंज मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के शिलान्यास, कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन को हरी झंडी सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण करने के लिए प्रधानमंत्री के सात जुलाई को आने की संभावना जताई जा रही है।
निरालानगर मैदान के आसपास की सड़कें की जा रही हैं चकाचक
यहां वह निरालानगर रेलवे मैदान में प्रस्तावित जनसभा को संबोधित करेंगे। आगमन के मद्देनजर बर्रा बाईपास से गोविंदनगर सड़क खासकर निरालानगर मैदान के आसपास की सड़कें चकाचक की जा रही हैं। गोविंदपुरी समानांतर पुल में राहगीरों को हिचकोले खाने से बचाने के लिए एक्सपेंशन जाइंटों के आसपास चिपकी तारकोल मिक्स गिट्टी छेनी से काटकर हटाई जा रही है।
सड़क निर्माण तेज कर दिया गया है
इतना ही नहीं निरालानगर मैदान के सामने दीप टॉकीज तिराहे से किदवईनगर स्थित सोटे बाबा हनुमान मंदिर चौराहे तक सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण तेज कर दिया गया है। इसके लिए एक साथ पांच टीमें लगाई गई हैं। एक टीम इसी सड़क पर निरालानगर जोनल पंपिंग स्टेशन के पास गहरी सीवर लाइन बिछा रही है, तो दूसरी नाला और यूटिलिटी डक्ट बना रही है।
दिन-रात की शिफ्ट में काम कराया जा रहा
तीसरी टीम टीम पाइपलाइन, चौथी संचार केबल और पांचवीं टीम डिवाइडर बना रही है। नगर निगम अभियंत्रण विभाग के अनुसार इस सड़क पर दिन-रात की शिफ्ट में काम कराया जा रहा है। ये सभी कार्य पूरे होते ही व्हाइट कॉर्पेट सड़क बनाई जाएगी। निर्धारित अवधि (18 माह) से पहले ही कार्य पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
फेज-1 की मियाद खत्म, दावे ध्वस्त
नगर निगम सीएम ग्रिड योजना के तहत 10 सड़कें करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बनवा रहा है। इनमें से फेज-1 के तहत पांच सड़कों का निर्माण हो रहा है। इनमें घंटाघर से ग्रीनपार्क चौराहा सड़क, कर्रही सड़क, बसंत विहार चौराहे से यशोदानगर-गोपालनगर होते हुए कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क, बाबाकुटी चौराहे से साइड नंबर-वन होते हुए किदवईनगर के-ब्लॉक अलंकार चौराहा सड़क और कल्याणपुर में बगिया क्रासिंग से केसा चौराहा सड़क शामिल है।
तय समय में कार्य पूरा करने में असफल
इन सड़कों का निर्माण अक्तूबर 2024 से जनवरी 2025 में शुरू हुआ था। इनकी लागत 149.15 करोड़ रुपये है। कार्य पूरा करने की समयावधि भी 18 महीने थी] पर नगर निगम तय समय में कार्य पूरा करने में असफल साबित हुआ। निर्माण की धीमी गति, पाइप लाइनों के लिए खोदे गए गड्ढे और धूल के गुबार ने आसपास रहने वालों, दुकानदार, राहगीरों का जीना दूभर कर दिया है।
35 प्रतिशत हो चुका फेज-2 की अन्य सड़कों पर निर्माण
इसी योजना के फेज-दो के तहत भी पांच सड़कें बन रही हैं। इनमें दीप टॉकीज तिराहे से किदवईनगर सोटे बाबा हनुमान मंदिर सड़क, स्वरूपनगर थाना चौराहे से मटका चौराहा होते हुए कंपनीबाग सड़क, गुरुदेव चौराहे से चिड़ियाघर सड़क, लाल बंगला से जेके फर्स्ट चौराहा, नौबस्ता बंबा से कर्रही सड़क शामिल हैं। सर्वाधिक कार्य दीप टॉकीज सड़क में ही नजर आ रहा है। शेष चारों मार्गों पर 35 प्रतिशत तक ही हो सका है।
सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों का कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य अक्तूबर-नवंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। -एसएफए जैदी, चीफ इंजीनियर, नगर निगम