कानपुर विमान हादसा: घटनास्थल पर पीएसी तैनात, अधिकारियों ने मलबे से जुटाए हादसे के संभावित सबूत
Kanpur News: नत्थूपुरवा में हुए ट्रेनी विमान हादसे के दूसरे दिन शुक्रवार को घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हादसे की जांच और मलबे को सुरक्षित रखने के लिए सुबह से ही एक प्लाटून पीएसी के जवानों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घटनास्थल के चारों ओर येलो टेपिंग कर आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। हादसा कैसे हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच के लिए अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान मलबे से हादसे से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए गए। अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद मलबे और आसपास के हिस्सों को भी सुरक्षित रखा, ताकि जांच के दौरान किसी तरह के साक्ष्य प्रभावित न हों।
वहीं, हादसे के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनी विमान को देखने के लिए नत्थूपुरवा पहुंचते रहे। घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को दुर्घटनास्थल से करीब 50 मीटर पहले ही रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को आगे नहीं जाने दिया और घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा घेरा बनाए रखा।
अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने तक घटनास्थल पर अनधिकृत लोगों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस और जांच टीमों की मौजूदगी में विमान के मलबे को सुरक्षित रखा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच के लिए जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।