Kanpur: गर्मी का पारा चढ़ा तो हांफे बूढ़े ट्रांसफार्मर, 700 करोड़ खर्च होने के बाद व्यवस्था बेपटरी
Kanpur News: केस्को की ओर से शहर की बिजली व्यवस्था को ठीक करने के लिए 700 करोड़ से अधिक रुपये 10 वर्षों में खर्च हुए हैं। इसके बाद भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आई है। हालांकि आने वाले वर्षों में 36 नए पावर ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है।
विस्तार
कानपुर शहर में साढ़े सात लाख उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने के दावे हवा हवाई हैं। दरअसल शहर में बिजली आपूर्ति करने वाले 7000 हजार में 198 पावर ट्रांसफार्मर हैं। इनमें से 40 ट्रांसफार्मर 50 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं। इनसे दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है। ऐसे में पिछले मई और जून महीने में लोड बढ़ने पर आए दिन फॉल्ट से हो रहे थे।
केस्को की ओर से इस वर्ष भी बिजली सुधार के लिए आरडीएसएस योजना के माध्यम से काम किए जा रहे हैं, लेकिन मई और जून महीने में आंधी-पानी ने केस्को के कामों की पोल खोल दी। एक पावर ट्रांसफार्मर का उपयोग 25 वर्ष तक होता है। मरम्मत के बाद 10 वर्ष तक ट्रांसफार्मर का और इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, यह ट्रांसफार्मर 15 से 20 वर्ष अधिक उपयोग में लाए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार इन 12 ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए बजट मांग था, जो अभी तक जारी नहीं किया गया है।
700 करोड़ खर्च, व्यवस्था बेपटरी
केस्को की ओर से शहर की बिजली व्यवस्था को ठीक करने के लिए 700 करोड़ से अधिक रुपये 10 वर्षों में खर्च हुए हैं। इसके बाद भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आई है। हालांकि आने वाले वर्षों 36 नए पावर ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है। यह काम आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) से पूरा किया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल चुकी है। इन पावर ट्रांसफार्मरों को लगाने के बाद पांच से 10 एमवीए की क्षमता बढ़ाई जाएगी। छोटे ट्रांसफार्मरों में पांच से सात एमवीए की क्षमता बढ़ाई जाएगी। योजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने इरकॉन कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी है।
शहर के ट्रांसफार्मरों की संख्या
विद्युत सबस्टेशन संख्या- 103, पावर ट्रांसफार्मर-198, 630 केवीए के 226, 400 केवीए के 3344, 250 केवीए के 1555, 160 और 100 केवीए के 1411, 63 और 25 केवीए के 738।
कानपुर में 50 वर्ष की मियाद पूरी कर चुके पावर ट्रांसफार्मर 40 लगे हैं। ऐसे ट्रांसफार्मरों को बदलकर नए लगाने की योजना पर काम चल रहा है। बजट जारी होने के बाद ही आगे का काम किया जाएगा। -अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता सप्लाई