कानपुर: पुराना डीएल ऑनलाइन नहीं हो रहा, विभाग कह रहा नया बनवा लो, RTO के चक्कर काट रहे लोग, आरआई ने कही ये बात
Kanpur News: कानपुर में एक हजार से अधिक पुराने मैनुअल ड्राइविंग लाइसेंस को ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया तीन महीने से मुख्यालय स्तर पर अटकी हुई है। आरटीओ चक्कर काट रहे आवेदकों को राहत देने के बजाय नया डीएल बनवाने की सलाह दी जा रही है।
विस्तार
कानपुर में वर्षों पहले बनवाए गए ड्राइविंग लाइसेंस को ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए लोगों को आरटीओ के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी पुराने लाइसेंसों का ऑनलाइन अप्रूवल नहीं हो पा रहा है। हैरानी की बात यह है कि समस्या का समाधान करने के बजाय आवेदकों को नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सलाह दी जा रही है। इससे पहले से मैनुअल लाइसेंस रखने वालों की परेशानी बढ़ गई है।
कानपुर में एक हजार से अधिक बैकलॉग ड्राइविंग लाइसेंस मुख्यालय की मंजूरी के इंतजार में अटके हैं। आरटीओ कार्यालय में आवेदन और दस्तावेज की डेटा फीडिंग होने के बावजूद ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो रहा है। आवेदकों को कभी कर्मचारियों से जानकारी लेने तो कभी मुख्यालय से अप्रूवल मिलने का इंतजार करने को कहा जाता है। परिवहन विभाग ने पुराने मैनुअल ड्राइविंग लाइसेंस को डिजिटल रिकॉर्ड से जोड़ने की व्यवस्था शुरू की थी।
सवाल- नया डीएल क्यों बनवाना पड़ रहा है
जून 2026 में जारी दिशा-निर्देशों के बाद अंतिम अप्रूवल का अधिकार स्थानीय आरटीओ से हटाकर मुख्यालय को दे दिया गया। अगस्त से स्थानीय स्तर पर अप्रूवल बंद है। अब आरटीओ कार्यालय केवल रिकॉर्ड की फीडिंग कर सकता है, जबकि अंतिम मंजूरी मुख्यालय से मिलनी है। लाइसेंसधारकों का सवाल है कि पहले से लाइसेंस होने के बावजूद उन्हें नया डीएल क्यों बनवाना पड़ रहा है। ऑनलाइन रिकॉर्ड नहीं होने से दस्तावेज के सत्यापन और लाइसेंस से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में भी परेशानी हो सकती है।
पुराने लाइसेंस को डिजिटल करने की व्यवस्था का मकसद लोगों को सुविधा देना था। अप्रूवल की प्रक्रिया मुख्यालय में अटकने से यह परेशानी आ रही है। मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। जल्द अप्रूवल मिलेगा। -संतोष कुमार, आरआई