Kanpur: जन शिकायतों को अनसुना करने पर 13 विभागों को नोटिस, 84 शिकायतें हैं पोर्टलों पर लंबित
जन शिकायतों को अनसुना करने पर जिलाधिकारी विशाख जी ने सख्त कदम उठाया है। 13 विभागों को नोटिस जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में ग्वालटोली निवासी पीर बख्श, उत्तरी पुरा निवासी सोने लाल पिछले पांच महीने से समाज कल्याण विभाग में अपनी वृद्धा अवस्था पेंशन के लिए चक्कर लगा रहे हैं, इनका कहना है कि लगता है कि अब विभागों की चौखट पर ही जान जाएगी। इन दोनों की उम्र 65 से 70 के बीच है।
इनका कहना है कि विभाग में अब कोई यह भी नहीं बताता है कि उनकी समस्या का समाधान कब होगा। इसी तरह अन्य विभागों में भी शिकायतों के निस्तारण की लंबी सूची है। ऐसे मामलों को लेकर जिलाधिकारी विशाख जी ने शुक्रवार को सख्त कदम उठाया। उन्होंने सीएम पोर्टल, आईजीआरएस पोर्टल में आई शिकायतों के निस्तारण में फिसड्डी रहने वाले 13 विभागों को नोटिस जारी किया है।
निर्देश दिया है कि यदि शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि इस मामले में लापरवाही करने पर वेतन भी काटा जाएगा और प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। नोटिस पाने वाले विभागों में सबसे ज्यादा 8-8 शिकायतें समाज कल्याण विभाग व बिजली विभाग, 7 ग्रामीण सड़क योजना, चिकित्सा की पांच, राजस्व की तीन शिकायतें शामिल हैं। बाकी में एक-एक शिकायतें समय से पूरी नहीं की गईं।
इस तरह की आ रही शिकायतें
कूड़े की सफाई न होने, पीने के पानी की दिक्कत, जमीनों पर जबरन कब्जा, अधिक बिजली बिल, बार-बार बिजली की ट्रिपिंग, चोरी और दबंगई के मामलों की जांच नहीं होना, मारपीट के मामले की रिपोर्ट दर्ज न करना, लंबित पेंशन और अन्य मामलों की सुनवाई न होना, इलाज में लापरवाही, सरकारी अस्पतालों में पैसे मांगने की शिकायत, दवाइयां बाहर से मंगवाना, डाक्टर समय से वार्ड में देखने नहीं आते, अवैध खनन, सड़कों के गड्ढों, जल भराव जैसी अनेक शिकायतें शामिल हैं।
इन विभागों को दी गई नोटिस
अल्पसंख्यक कल्याण व वक्फ, खनन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ककवन, शिवराजपुर व सीएमएस, परिवहन विभाग, पुलिस आयुक्त कार्यालय, पुलिस आयुक्त पश्चिमी जोन, माध्यम शिक्षा विभाग, राजस्व एवं आपदा, केडीए, ग्रामीण सड़क योजना, समाज कल्याण विभाग, हरकोर्ट बटलर प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय(एचबीटीयू), विद्युत विभाग।