Kanpur Nikay Chunav: बिल्हौर नगर पालिका के तीन बूथों पर पुनर्मतदान जारी, प्रशासनिक व्यवस्था में भी फेरबदल
Kanpur News: नगर पालिका बिल्हौर में कुछ अराजक तत्वों ने चुनाव खत्म होने के कुछ देर पहले ही दो मतपेटियों में स्याही, पानी और चासनी डाल दी। वहीं एक बूथ में 727 में 726 वोट पड़ने पर फर्जी वोटिंग की आशंका जताई गई है। इसकेचलते तीन मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को दोबारा वोटिंग जारी है।
विस्तार
कानपुर में नगर पालिका बिल्हौर में 11 मई को मतदान केंद्र 16 पर अधिक मतदान होने, 22 और 25 में मत पेटियों में तरल पदार्थ डालने को लेकर विवाद हो गया था। निर्वाचन अधिकारियों के आदेश पर उक्त तीनों वार्ड में पुनर्मतदान के आदेश जारी किए गए थे।शुक्रवार को प्रेक्षक कुमार विनोद के नेतृत्व में उक्त तीनों वार्डो में लगातार मतदान जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। सिर्फ मतदाताओं को ही मतदान केंद्रों तक जाने की अनुमति दी जा रही है। साथ ही मोबाइल, पानी की बोतल सहित अन्य चीजों को लाने ले जाने पर पूरी तरह मनाई है।उप जिलाधिकारी बिल्हौर और रिटर्निंग ऑफिसर रश्मि लांबा ने बताया कि सुबह 11 बजे तक करीब 25% वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। वहीं, दोबारा मतदान के लिए बीएसएफ की कई टोलियां पहुंची है। प्रशासनिक व्यवस्था में भी फेरबदल के आसार हैं।
इतनी ज्यादा संख्या में वोट पड़ने पर फर्जी वोटिंग की आशंका
निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी शादाब खान ने बताया कि उनके समर्थकों ने शिकायत की कि वार्ड नंबर 22 और 25 की मतपेटियों में पानी और स्याही डाली गई है। इससे मतपत्र खराब हो गए हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी इकलाख ने भी कई लोगों पर मतपेटियों में पानी डालने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वार्ड नंबर 22 और 25 की मतपेटियों में पड़ा था पानी
उधर, कांग्रेस प्रत्याशी वरुणा राज कठेरिया ने सत्ताधारी विधायक और भाजपा के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसडीएम रश्मि लांबा और एडीएम गुलाब चंद्र अग्रहरि ने बताया कि वार्ड नंबर 22 और 25 की मतपेटियों में पानी पड़ जाने की जानकारी मिली है।
वार्ड नंबर 16 में फर्जी वोटिंग
जबकि वार्ड नंबर 16 में 727 मतदाताओं के सापेक्ष 726 लोगों ने मतदान कर दिया, जिसमें स्थानीय प्रत्याशियों ने फर्जी वोटिंग की शिकायत निर्वाचन अधिकारियों से की है। इसके चलते जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर यहां दोबारा मतदान कराया जाएगा।
हमारी पार्टी अनुशासन की पार्टी है, हम लोग मतदान प्रभावित करने का काम नहीं करते। विरोधी दल के लोग अपनी हार मानकर इस तरह का कृत्य कर रहे हैं, उनके ऊपर लगे आरोप निराधार हैं। मैं स्वयं निर्वाचन अधिकारियों से दोबारा मतदान की मांग करता हूं। -राहुल सोनकर, विधायक, बिल्हौर