Kanpur Murder Case: तन्मय की मौत का कारण स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित, दंपती से पूछताछ जारी
कल्याणपुर थाना क्षेत्र से 16 दिनों से लापता महाराणा प्रताप स्कूल में गार्ड तन्मय तिवारी की हत्या कर शव चौकी के सामने फेंका गया था। मामले में पोस्टमार्टम से मृत्यु का कारएा स्पष्ट नहीं हो सकता है। इसके लिए विसरा सुरक्षित किया गया है।
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर के उत्तरीपुरा निवासी स्कूल के गार्ड तन्मय तिवारी (22) की मौत की गुत्थी उलझ गई है। शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह स्पष्ट न होने के चलते विसरा सुरक्षित रखा गया है। खेरेश्वर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों ने इस मामले में रिश्तेदार दंपती समेत चार के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है। तन्मय का गुरुवार को शव पनकी के एक तालाब से मिला था। वह सात दिसंबर को एक शादी समारोह में गया था, जहां से उसे तीन दोस्त ले गए। तबसे वह लापता था।
परिजनों ने रिश्तेदार भाभी अनीता पांडे और तीन अन्य युवकों के खिलाफ अपहरण और हत्या की आशंका की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने की आशंका परिजन जता रहे हैं।
आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र से 16 दिनों से लापता महाराणा प्रताप स्कूल में गार्ड तन्मय तिवारी की हत्या का आरोप परिजन यूं ही नहीं लगा रहे हैं।
तन्मय के सिर पर गहरी चोट मिली है। परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा था। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। पिता व मां मीना का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद तफ्तीश की ही नहीं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को हिरासत में लिया था लेकिन छोड़ दिया था, जिसका नतीजा है कि उनके बेटा का शव पनकी रोड पुलिस चौकी के सामने हत्या करके फेंक दिया गया। परिजनों का आरोप है कि हत्यारों ने पुलिस को इस मामले में खुली चुनौती दी है।