Kanpur: नगर पालिका का चला बुल्डोजर, करोड़ों की जमीन से हटाया अवैध कब्जा, न्यायलय के आदेश पर हुई कार्रवाई
Kanpur News: घाटमपुर में नगर पालिका ने जहानाबाद रेलवे क्रासिंग के पास अपनी करोड़ों की जमीन से अवैध कब्जा हटा दिया। न्यायालय के आदेश के बाद जेसीबी से अवैध पक्का निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में नगर पालिका ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटा दिया है। जहानाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास पालिका की करोड़ों रुपये की जमीन पर किए गए पक्के निर्माण को शुक्रवार को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। यह कार्रवाई न्यायिक तहसीलदार के आदेश के बाद की गई।
जहानाबाद रोड पर पालिका की लगभग छह बिस्वा जमीन पर जावेद नाम के एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण करा लिया था। पालिका ने कई बार उसे मना किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद यह मामला न्यायालय में गया, जहां धारा 67 के तहत पालिका के पक्ष में फैसला आया।
जमीन को वापस कब्जे में लिया
आदेश मिलने के बाद ईओ महेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत जेसीबी से निर्माण को ढहा दिया गया। ईओ ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद अवैध कब्जेदार नहीं माना था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है और जमीन को वापस कब्जे में ले लिया गया है।