कानपुर: पहली बार पकड़ा गया एक करोड़ का मेफेड्रोन, रेव पार्टी-रईसजादों को करता था सप्लाई, चौंकाने वाले खुलासे
Kanpur News: फजलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में पहली बार एक करोड़ रुपये मूल्य का 101 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी ड्रग) बरामद किया है। मौके से लकड़मंडी निवासी हाईस्कूल पास तस्कर नजमुद्दीन उर्फ शान को गिरफ्तार किया गया है, जो इस ड्रग की खेप प्रयागराज सप्लाई करने जा रहा था।
विस्तार
कानपुर के फजलगंज में पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार को 101 ग्राम मेफेड्रोन के साथ तस्कर लकड़मंडी निवासी हाईस्कूल पास नजमुद्दीन उर्फ शान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शहर में पहली बार यह ड्रग पकड़ा गया जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। तस्कर ड्रग की सप्लाई प्रयागराज में करने जा रहा था। उसे गोविंदनगर पुल के नीचे से पकड़ गया। पुलिस के अनुसार यह ड्रग शहर में पहली बार पकड़ा गया है।
इसके पहले शहर में एलएसडी और अमेरिकन गांजा (ओजी) पकड़ा जा चुका है। शातिर एक ग्राम मेफेड्रोन से 50 पुड़िया बनाकर दोगुनी कमाई करता था। तस्कर के कानपुर, दिल्ली और मुंबई के नेटवर्क का पता किया जा रहा है। जल्द ही गिराेह का भंडाफोड़ किया जाएगा। पुलिस के अनुसार इस ड्रग को दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू जैसे बड़े शहरों में म्याऊ-म्याऊ, ड्रोन, एम-कैट, व्हाइट मैजिक, बबलगम जैसे नामों से भी जाना जाता है।
कानपुर और आसपास के जिलों में करता था सप्लाई
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह कर्नलगंज के लकड़मंडी निवासी नजमुद्दीन को रोका गया तो वह सकपका गया। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से एक पैकेट में 101 ग्राम मेफेड्रोन (महंगा ड्रग जो कोकीन जैसा नशा और उत्तेजना पैदा करता है) बरामद हुई। पूछताछ में शान ने बताया कि वह पिछले एक साल से मुंबई और दिल्ली से मेफेड्रोन लाकर कानपुर और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था।
मुंबई से मंगाते हैं मेफेड्रोन
पुलिस ने बताया कि शान के अलावा अन्य चार-पांच लोग भी गिरोह में शामिल हैं। ये लोग मिलकर डेढ़-दो करोड़ रुपये एकत्र करके मुंबई से मेफेड्रोन मंगाते हैं और उसे रईस घरों के युवाओं तक पहुंचाने का काम करते हैं। इसके अलावा रेव पार्टियों में भी सप्लाई की जाती है। बताया कि मेफेड्रोन तो अंतरराष्ट्रीय नाम है, लेकिन इसकी तस्करी करने वाले और इसे खरीदने वाले इसे म्याऊ-म्याऊ, एम कैट और ड्रोन नाम से अधिक जानते हैं।
कुछ साथियों के नाम भी प्रकाश में आए
फजलगंज इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कल्याणपुर, आईआईटी के पास, स्वरूपनगर, तिलकनगर व सिविल लाइंस क्षेत्रों में सप्लाई करना स्वीकारा है। शान ने पुलिस को बताया कि वह बीते एक साल से इस ड्रग की तस्करी कर रहा है। करीब एक किलो मेफेड्रोन कानपुर व आसपास के शहरों में खपा चुका है। इंस्पेक्टर के मुताबिक शान के कुछ साथियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उन्हें भी जल्द पकड़ा जाएगा।