Kanpur Fire: बाकरगंज चौराहा के पास दुकानों में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
Kanpur News: बाबूपरवा थाना क्षेत्र में बाकरगंज चौराहा के पास स्थित कुछ दुकानों में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया।
विस्तार
कानपुर में बुधवार सुबह लगभग 5:19 बजे बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बाकरगंज चौराहा के पास स्थित कुछ दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कानपुर नगर के निर्देश पर तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकानों के भू-तल और प्रथम तल तक फैल चुकी थी। आग पर जल्द काबू पाने के लिए फजलगंज के साथ-साथ किदवई नगर और मूलगंज फायर स्टेशनों से भी फायर टेंडरों को बुलाया गया। अग्निशमन यूनिटों और दो वॉटर स्टोरेज टंकियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
कोई जनहानि नहीं
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सूझबूझ तथा त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस बड़े अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है।