Kanpur: ईदगाह चौराहे के पास गैराज में भीषण आग, धमाकों के साथ 30 फीट ऊंची उठीं लपटें, छह कारें-चार घर जलकर राख
Kanpur News: बजरिया थाना क्षेत्र के ईदगाह चौराहे पर कार गैराज में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में छह कारें और चार मकान जल गए। धमाकों और ऊंची लपटों के बीच 8 दमकल गाड़ियों ने ढाई घंटे में आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
विस्तार
कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र में ईदगाह चौराहे के पास स्थित कार गैराज में शुक्रवार रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ देर में आग ने बगल की दो और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कार में दो बार तेज विस्फोट होेने से आग और भड़क उठी। इससे 30 फीट तक उठ रहीं लपटें ठीक पीछे गूदड़ बस्ती के चार पक्के मकानों तक पहुंच गई और लोगों का हजारों रुपये का सामान बर्बाद हो गया।
सीसामऊ एसीपी और पांच थानों के फोर्स ने रास्ता सील कर आठ दमकल गाड़ियों के लिए जगह बनवाई। आग से दो दुकानों में खड़ी छह कारें, चार मकानों गृहस्थी खाक हो गई। ईदगाह चौराहे से ब्रह्मनगर जाने वाली रोड पर बाएं ओर कार गैराज और ऑटो पार्ट्स की करीब 10 दुकानें हैं। यहां करीब 11 बजे के आसपास अकील के जनता मोटर्स रिपेयरिंग सेंटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
30-35 फीट ऊंची लपटें उठने लगी
कुछ ही देर में पूरे गैराज में आग फैली और बगल की सनराइज मोटर्स रिपेयरिंग सेंटर को अपनी चपेट में ले लिया। वहां भी कारें और सामान धू-धूकर जलने लगा। कार की टंकियां एक के बाद एक फटने से इतनी तेज धमाका हुआ कि वहां 30-35 फीट ऊंची लपटें उठने लगी और गूदड़ बस्ती तक पहुंच गई। बस्ती के 250 परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आकर बस्ती निवासी चंदा पत्नी सुभाष, सोमवती पत्नी मातादीन, बती देवी, बेबी के छत पर रखा सामान जल गया।
शॉर्ट सर्किट के कारण हुई है घटना
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने आठ दमकल गाड़ियों की मदद से पुलिस की मदद से रास्ता खाली कराकर बस्ती और दुकानों को घेरकर पानी डलवाना शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। सीएफओ ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण घटना हुई है। अग्निकांड पर समय रहते काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं है।
दुकान से कई हाइड्रोजन सिलिंडर किए बाहर
सीएफओ ने बताया कि अकील समेत अगल-बगल के गैराज से लोगों ने वेल्डिंग के काम आने वाले हाइड्रोजन सिलिंडर आनन-फानन में बाहर निकलवाए। उनका कहना था कि अगर आग उन सिलिंडरों तक पहुंच जाती तो बहुत बड़ी घटना हो सकती थी।