यूपी: ‘अकेलापन दूर करने के लिए’, विवाहिता से मिलने पहुंचा था प्रेमी, आहट मिलते ही देवर ने जड़ा ताला और फिर...
Kanpur News: घाटमपुर क्षेत्र के रवाईपुर गांव में एक विवाहिता से मिलने पहुंचे प्रेमी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फेसबुक के जरिए डेढ़ साल पहले हुई दोस्ती के बाद युवक पहली बार अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां भनक लगने पर महिला के देवर ष ने उसे कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद युवक का शव फंदे से लटका मिला।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर के रवाईपुर गांव में मंगलवार की रात विवाहिता पूजा से उसके घर मिलने पहुंचे प्रेमी शिव प्रताप सिंह उर्फ सौरभ (26) को महिला के देवर परितोष ने कमरे में कैद कर दिया। इस दौरान प्रेमी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाने पहुंचे मृतक के पिता ने बेटे की हत्या की का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूजा और उसके देवर को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा कि दोनों में डेढ़ साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। प्रेमी पहली बार महिला से मिलने आया था। रवाईपुर गांव निवासी आशुतोष सोनकर ललितपुर नगर पालिका में कर निरीक्षक हैं। गांव में उनकी पत्नी पूजा दो बच्चों, देवर परितोष व देवरानी के साथ रहती हैं। पूजा की शादी अप्रैल 2021 में हुई थी।
कमरे में किसी के होने का शक हुआ
डेढ़ साल पहले फेसबुक के माध्यम से फतेहपुर के मलवां, मोहन खेड़ा गांव निवासी शिव प्रताप सिंह उर्फ सौरभ (26) से उसकी दोस्ती हो गई। शिव प्रताप सिंह मंगलवार की रात पूजा से मिलने पहुंचा। इस बीच घर की ऊपरी मंजिल पर रहने वाला देवर परितोष नीचे लघुशंका करने आया। उसे कमरे में किसी के होने का शक हुआ। उसने कमरे में युवक को देखा, तो पूजा बाहर निकल आई।
फंदे से लटका मिला युवक का शव
इस पर देवर ने कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर ताला डाल दिया। पूजा के काफी कहने के बाद जब पारितोष ने दरवाजा खोला, तो युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रेमिका और उसके देवर को हिरासत में लिया गया है।
महिला ने बताई प्रेमी की पहचान
पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक के फंदा लगाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बाद में पूजा से पूछताछ की तो उसने दोस्ती की बात स्वीकार कर प्रेमी की पहचान बताई। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजन को घटना की जानकारी दी।
अकेलापन दूर करने के लिए फेसबुक पर हुई दोस्ती
महिला ने पुलिस को बताया कि पति के ललितपुर रहने के चलते वह घर पर अकेले रहती थी। डेढ़ वर्ष पहले फेसबुक पर सौरभ की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उसने स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। वह पहली बार मिलने घर आया था। इसके पहले वह दो बार कानपुर में एक मार्केट में मिली थी। उसने बताया कि उसका मायका कानपुर के रामादेवी में है। उसके पिता इटावा में पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं।
पिता बोले- मंगलवार शाम को मेरे पास बैठा था
मृत शिव प्रताप के पिता सूरजभान सिंह सूचना मिलने पर थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि सौरभ उन्नाव के कोआपरेटिव अध्यक्ष अरुण सिंह की गाड़ी चलाता था। मंगलवार की शाम वह उनके पास बैठकर बातें कर रहा था। यहां कैसे पहुंचा, नहीं मालूम। उन्होंने हत्या किए जाने का शक जताया है।
