Kanpur: बारिश में भरभराकर ढहा कच्चा मकान, ग्रामीणों ने बचाई परिवार की जान, अधिकारियों ने दिया मदद का आश्वासन
Kanpur News: महोली गांव में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया, जिससे परिवार बेघर हो गया। पीड़ित ने कई बार सरकारी आवास की मांग की थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। घटना के बाद अधिकारियों ने अब जांच कर लाभ देने का आश्वासन दिया है।
विस्तार
कानपुर में सरसौल ब्लॉक के महोली गांव में बुधवार रात बारिश के बाद एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। घर में मौजूद सेतु प्रकाश शुक्ला का पूरा परिवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकला। वहीं, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया। सेतु प्रकाश शुक्ला ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। कई बार सरसौल ब्लॉक नरवल तहसील और अन्य अधिकारियों से सरकारी आवास की मांग की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला।
राजस्व के तहत क्षतिपूर्ति कराई जाएगी
अब मकान गिरने के बाद उन्होंने लेखपाल और सचिव को सूचना दी है। खंड विकास अधिकारी निशांत राय ने कहा कि जानकारी मिली है। मौके पर अधिकारियों को भेजकर जांच करवाई जाएगी। यदि पीड़ित पात्र है, तो मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ जो घर गिरा है, वह राजस्व के तहत क्षतिपूर्ति कराई जाएगी।