Kanpur: अब पेट्रोल पंपों पर भी मिलेगा केरोसिन; छह पंपों पर होगी बिक्री, 5000 लीटर तक ही रख सकेंगे स्टॉक
Kanpur News: कानपुर जिले के छह चयनित पेट्रोल पंपों पर अब केरोसिन की बिक्री की जाएगी। इसके लिए इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के दो-दो पंपों को चिह्नित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
विस्तार
कानपुर जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती मांग के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल पंपों पर केरोसिन बिक्री की तैयारी तेज हो गई है। केंद्र सरकार के निर्देश पर यह सुविधा शुरू की जा रही है। जिले में तीनों प्रमुख तेल कंपनियों के दो-दो पेट्रोल पंपों पर केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह कुल छह पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा मिलेगी।
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियां अपने-अपने दो पंपों पर केरोसिन यूनिट स्थापित करेंगी। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे पंप चिह्नित किए जाएंगे जहां अधिक आबादी को सीधा लाभ मिल सके। योजना के तहत जिले की सभी चार तहसीलों में कम से कम एक-एक पेट्रोल पंप पर यह सुविधा उपलब्ध होगी।
तीनों कंपनियों के कुल 350 से अधिक पंप हैं संचालित
चयनित पंपों पर अधिकतम 5000 लीटर तक केरोसिन स्टॉक रखने और बिक्री की अनुमति दी जाएगी। जिले में तीनों कंपनियों के कुल 350 से अधिक पंप संचालित हैं। इसमें सबसे ज्यादा करीब 160 पंप सिर्फ इंडियन ऑयल के हैं। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि केरोसिन बिक्री के लिए पंपों के चयन प्रक्रिया के कोई निर्देश अभी नहीं मिल सके हैं। आदेश मिलते ही पंपों का चयन कर केरोसिन बिक्री की अनुमति दी जाएगी।