Kanpur: शुक्लागंज में शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, फूल बरसाकर जगह-जगह हुआ स्वागत, लंगर का भी था इंतजाम
Kanpur News: शुक्लागंज में जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकला, जो राजधानी मार्ग होते हुए मोहम्मद नगर में समाप्त हुआ। जगह-जगह फूल बरसाए गए और लंगर में मिठाई, फल, पानी व अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
विस्तार
शुक्लागंज में बारावफात का पर्व शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाया गया। जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद से शान-ओ-शौकत से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकला। राजधानी मार्ग से धोबिन पुलिया होकर जुलूस मोहम्मद नगर में समाप्त हुआ। जगह-जगह फूलों की वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया गया। लंगर में खाने की चीजों का वितरण किया गया।
मोहल्ला गोताखोर,अहमद नगर, पोनीरोड, अली नगर, मदनी नगर, रहमत नगर, मनोहर नगर समेत अन्य कई मोहल्लों के जुलूस राजधानी मार्ग स्थित जामा मस्जिद पर एकत्रित हुए। यहां से जुलूस-ए-मोहम्मदी शुरू हुआ। जुलूस में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों को बताया कि हजरत मोहम्मद साहब ने लोगों को ये पैगाम दिया था कि इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता।
जगह-जगह लंगर का इंतजाम रहा
हर इंसान को दूसरे इंसान से मोहब्बत से पेश आना चाहिए। जुलूस-ए -मोहम्मदी में राजधानी मार्ग समेत जगह-जगह लंगर का इंतजाम रहा। जुलूस में आए सभी लोगों को मिठाई कोल्ड ड्रिंक फल, पानी, केले आदि खाने की चीजों का वितरण किया गया। जुलूस में हाफिज गुलाम मोहम्मद, मो. सिद्दीक , आफताब रज़ा, मौलाना तहसीन रज़ा, आदिल, दानिश, आलम आदि मौजूद रहे।