Kanpur: पनकी के अपॅट्रान इस्टेट में बनेगा आईटी पार्क, उद्यमी उत्साहित…बोले- शहर में शुरू हो सकेगा नया कारोबार
Kanpur News: अपट्रॉन इस्टेट पनकी में भूखंड संख्या 14-32 तक की जमीन उद्योग विभाग की है। इसमें 9643.34 वर्गगज जमीन है। इस पर ही आईटी पार्क बनाया जाना है। अगस्त 2024 में लीज डीड हस्तांतरण का आदेश हुआ था। आठ करोड़ 86 लाख रुपये भी दिए जा चुके हैं।
विस्तार
चमड़ा और होजरी उत्पादों के लिए जाना-पहचाना जाने वाला कानपुरआने वाले समय में आईटी क्षेत्र में बड़ा नाम बनेगा। शहर के अपॅट्रान इस्टेट में आईटी पार्क बनेगा। उद्योग विभाग ने आईटी और इलेक्ट्रानिक्स विभाग को जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में पांच मई को प्रमुख सचिव आईटी और इलेक्ट्रानिक्स ने अफसरों संग लखनऊ में बैठक की थी।
आईटी पार्क बनने से उत्साहित उद्यमियों का कहना है कि नई शुरुआत शहर के उद्योगों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। शहर एमएसएमई का गढ़ है। एलएमएल बंद होने के बाद शहर में कोई बड़ा उद्योग नहीं लग सका। हालांकि एमएसएमई के जरिए शहर की पहचान आगे बढ़ी, लेकिन नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ की तुलना में कानपुर पीछे हो गया है।
नए-नए स्टार्टअप लग सकेंगे और रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा
शहर में आईटी पार्क एक नया उद्योग होगा। इससे यहां पर नए-नए स्टार्टअप लग सकेंगे और रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा। शहर में देशभर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स को कारोबार करने का मौका मिलेगा। पार्क के संचालन की जिम्मेदारी सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) को दी जाएगी।
युवा इंजीनियर्स शहर में शुरू कर सकेंगे काम
प्रदेश सरकार का पूरा जोर कानपुर को आईटी हब बनाने पर है। पढ़ाई पूरी करने के बाद हर साल हजारों युवा आईटी सिटी बंगलुरू का रुख कर लेते हैं। आईटी पार्क बनने से युवा इंजीनियर्स शहर में काम शुरू कर सकेंगे। एक हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और चार हजार से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।
अगस्त 2024 में लीज डीड हस्तांतरण का हुआ था आदेश
अपट्रॉन इस्टेट पनकी में भूखंड संख्या 14-32 तक की जमीन उद्योग विभाग की है। इसमें 9643.34 वर्गगज जमीन है। इस पर ही आईटी पार्क बनाया जाना है। अगस्त 2024 में लीज डीड हस्तांतरण का आदेश हुआ था। आठ करोड़ 86 लाख रुपये भी दिए जा चुके हैं। माना जा रहा है कि लीज डीड हस्तांतरण के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।
पांच मई को आईटी और इलेक्ट्रानिक्स विभाग के प्रमुख सचिव, विशेष सचिव, एसटीपीआई और उद्योग विभाग की बैठक लखनऊ में हुई थी। इसमें लीज डीड हस्तांतरण की प्रकिया जल्द से पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। इस संबंध में न्याय विभाग के अफसर से मुलाकात की गई है और अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के लिए कहा गया है। -अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त उद्योग
आईटी पार्क विकसित होना शहर के उद्योग जगत के लिए नई शुरुआत होगी। यह उद्योगों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकेगा। निर्यात के साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होंगे। कानपुर का नाम आईटी क्षेत्र में बढ़ने की संभावना बन सकेगी। कानपुर में नए-नए उद्योग लगाने की मांग लगातार की जा रही है। यह स्वागत योग्य कदम है। -सुनील वैश्य, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आईआईए