कानपुर अति संवेदनशील: डीएम बोले- बाढ़ से बचाव को सभी रहें तैयार, बचाव कार्य को लेकर पूर्वाभ्यास का आदेश
Kanpur News: बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मदद मिलने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही जहां जल स्तर बढ़ा है, वहां का दौरा किया जाए।
विस्तार
बाढ़ के लिहाज से सामान्य श्रेणी में रहने वाले कानपुर जिले को अब अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके साथ ही शासन ने कानपुर सहित सभी अति संवेदनशील और संवेदनशील जनपदों के लिए अप्रत्यक्ष रूप से विभिन्न चरणों में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) आधारित बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन कराने जाने का आदेश दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मदद मिलने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही जहां जल स्तर बढ़ा है, वहां का दौरा किया जाए। शासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैसे बचाव कार्य किया जाए। इसको लेकर पूर्वाभ्यास का आदेश दिया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि बाढ़ आने पर लोगों की मदद और अफवाहों को रोकने को लेकर अभी से मॉक ड्रिल किया जाए।
इन संगठनों की ली जाएगी मदद
प्रत्येक चिन्हित स्थल पर तैनात किए जाने वाले सशस्त्र सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, अर्द्धसैन्य बल, पुलिस, जल पुलिस, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, नेहरू युवा केन्द्र, भारत स्काउट एंड गाइड, आपदा मित्र, तैराक गोताखोर, भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम, स्वयंसेवी संगठन की मदद बाढ़ के दौरान ली जाएगी।
अति संवेदनशील- 29 जिले
जनपद- कानपुर नगर, संभल, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोण्डा, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बदायूं, फर्रुखाबाद, बलरामपुर, श्रावस्ती, महाराजगंज, कासगंज, बांदा, हरदोई, प्रयागराज शाहजहाँपुर, फतेहपुर।
संवेदनशील- 15 जिले
जनपद हापुड़, अमरोहा, गाजीपुर, उन्नाव, बुलन्दशहर, बरेली, अलीगढ़, आगरा, इटावा, कन्नौज, रायबरेली, कौशाम्बी, भदोही, मिर्जापुर व चन्दौली।