बात सेहत की: इंटरनेट सिंड्रोम से बिगड़ी भावी डॉक्टरों की मनोदशा, मनोरोग विभाग ने 141 छात्रों पर किया सर्वे
Kanpur News: जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के एक सर्वे में 50.34% मेडिकल छात्र इंटरनेट के आदी पाए गए। इससे उनमें तनाव, अवसाद और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। यह स्थिति चिंताजनक है और इन भावी डॉक्टरों को मनोरोग विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ रही है।
विस्तार
भावी डॉक्टरों को भी इंटरनेट सिंड्रोम बीमार कर रहा है। तनाव, अवसाद आदि के साथ इंटरनेट सिंड्रोम का गठजोड़ मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है। इन छात्रों को मनोरोग विशेषज्ञों का सहारा लेना पड़ रहा है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग ने 141 मेडिकल छात्रों पर सर्वे किया है। इसमें 50.34% छात्र इंटरनेट के लती मिले। सर्वे से यह भी पता चला है कि छात्राओं की तुलना में छात्रों में इंटरनेट सिंड्रोम की लत अधिक है।
इंटरनेट सिंड्रोम के साथ ही मेडिकल छात्र तनाव, अवसाद आदि की गिरफ्त में आ रहे हैं। एक वर्ष में 15 से 20 एमबीबीएस छात्रों ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मानसिक रोग विभाग में परामर्श लिया। इनमें प्रमुख रूप से अवसाद, घबराहट, बाइपोलर डिस्ऑर्डर, पढ़ाई का तनाव, व्यक्तित्व विकार और नशे की आदतों जैसी समस्याएं देखने को मिलीं। कुछ मामलों में छात्रों में अत्यधिक चिड़चिड़ापन, आक्रामकता और सामाजिक व्यवहार में बदलाव भी स्पष्ट रूप से दिखा।
आत्महत्या के विचार आने पर साल भर में भर्ती किए गए पांच छात्र
सर्वे के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में पांच मेडिकल छात्र ऐसे भर्ती किए गए जिनको बार-बार आत्महत्या के विचार आ रहे थे। इनमें दो एमबीबीएस छात्र तथा तीन पीजी छात्र थे। अधिकांश छात्र मोबाइल के माध्यम से इंटरनेट का उपयोग करते हैं। हॉस्टल में रहते हैं। यह लत छात्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। मानसिक रोग विभाग में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध मूल्यांकन और उपचार की व्यवस्था की गई है।
एमबीबीएस के साथ पीजी छात्रों को भी समस्याएं
पिछले छह महीनों में छह पीजी छात्र भी मानसिक रोग विभाग आए। इन छात्रों में नींद की कमी, काम का अत्यधिक दबाव, और रोगियों से सीधे संपर्क की वजह से तनाव और चिड़चिड़ापन के लक्षण मिले। बीते एक वर्ष में मानसिक रोग विभाग में आए मेडिकल छात्रों में सात में बाइपोलर डिस्आर्डर, आठ में मेजर डिप्रेशन की पुष्टि हुई। दो छात्र पर्सनालिटी डिस्ऑर्डर से प्रभावित रहे। कई अन्य छात्र गंभीर तनाव और एंजाइटी से प्रभावित थे। गंभीर मानसिक तनाव के एक मामले में आत्महत्या के प्रयास तक की स्थिति सामने आई।
बहुत से छात्र ऐसे होते हैं जिन्हें एमबीबीएस में प्रवेश से पहले से ही कुछ न कुछ मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। अक्सर स्कूल स्तर पर इन समस्याओं को पहचाना नहीं जाता और जब ये मेडिकल कॉलेज की कठिन और प्रतिस्पर्धी दुनिया में प्रवेश करते हैं तो ये समस्याएं और तीव्र हो जाती हैं। -डॉ. धनंजय चौधरी, विभागाध्यक्ष, मनोरोग विभाग
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज ने एनएमसी के मुताबिक मेंटर-मेंटी योजना चालू की है। इसमें हर शिक्षक के अधीन पांच से 10 छात्रों का समूह रहता है। शिक्षक छात्रों के साथ औपचारिक व अनौपचारिक बैठकें करते हैं जिससे छात्रों की शैक्षणिक, सामाजिक और मानसिक समस्याओं को प्रारंभिक स्तर पर पहचाना जा सके और उनका हल किया जा सके। -डॉ. संजय काला, प्राचार्य जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज
इन बातों का रखें ध्यान
- जरूरत के हिसाब से इंटरनेट देखने की अवधि तय कर लें।
- लगातार दो घंटे से अधिक नेट पर सर्फिंग न करें।
- तनाव और कोई समस्या होने पर अपने मेंटर से संपर्क करें।
- माता-पिता स्कूल के समय से ही बच्चों की मनोदशा का ध्यान रखें।
- समस्या को छिपाएं नहीं बताएं जिससे समय रहते उपचार मिले।
