Kanpur: इंडियन ऑयल की मॉक ड्रिल, बौसर गांव के ग्रामीणों को मिला सुरक्षा प्रशिक्षण, पौध वितरण भी किया
Kanpur News: महाराजपुर के बौसर गांव में इंडियन ऑयल ने एक मॉक ड्रिल आयोजित की, जहां ग्रामीणों को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर सुरक्षा उपायों और टोल फ्री नंबर 112 पर सूचना देने के बारे में बताया गया। यह जागरूकता अभियान पाइपलाइन चोरी और क्षति की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के बौसर गांव में शुक्रवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। चैनेज नंबर 653 पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों को पेट्रोलियम पाइपलाइन की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के गुण सिखाए।
इसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जाना कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में क्या कदम उठाए जाएं और कैसे बड़े हादसे को टाला जा सकता है। मॉक ड्रिल के दौरान दिखाया गया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 112 या इंडियन ऑयल के हेल्पलाइन पर दी जाए जिससे समय रहते कार्रवाई हो सके।
जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी
कानपुर स्टेशन के प्रबंधक रतन लाल कुमावत ने बताया कि बौसर गांव को मॉक ड्रिल के लिए इसलिए चुना गया, क्योंकि यहां पाइपलाइन चोरी और क्षति की घटनाएं अधिक होती रही हैं। ऐसे में जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति सजग किया जा सके।
आपात स्थिति में सही सूचना देने की अपील
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन विभाग से लाखन कुमार और चीफ सेक्रेटरी ऑफिसर एके सिंह ने भी भाग लिया और लोगों को आपात स्थिति में सही सूचना देने की अपील की। वहीं, स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पौध वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वहीं जय गौरी कंपनी के इंचार्ज तोयज श्रीवास्तव, डीजीआर गार्ड देशराज, महाराजपुर, नरवल और नौबस्ता पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी निभाई।