Kanpur: डायल 112 में पोस्टिंग के नाम पर वसूली का पर्चा वायरल, तीन दरोगाओं और सिपाहियों से पूछताछ
कानपुर में डायल 112 में ट्रांसफर और पोस्टिंग के नाम पर वसूली का पर्चा वायरल होने के मामले में मंगलवार को डीसीपी मुख्यालय रवीना त्यागी ने डायल 112 के तीन दरोगाओं से पूछताछ की। हाईवे के किनारे तैनात पीआरवी के सिपाहियों से पूछा कि विभाग में कौन करता है वसूली। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने उनसे चार दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है।
सोमवार सुबह नौबस्ता थाने की दीवार से लेकर भाजपा के दक्षिण कार्यालय तक किसी ने डायल 112 में हो रही वसूली की पोल खोलते हुए कई जगह पर्चे चस्पा कर दिए थे। पर्चे में डीसीपी कंट्रोल रूम राहुल मिठास, पूर्व एसपी बसंत लाल और तीन दरोगाओं पर पुलिसकर्मियों से ट्रांसफर, पोस्टिंग और जांच के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाया गया था। डीसीपी मुख्यालय रवीना त्यागी ने मंगलवार को डायल 112 में तैनात जीडी प्रभारी, रपट मुंशी समेत तीन दरोगाओं से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
डीसीपी मुख्यालय मामले की गंभीरता से जांच कर रहीं हैं, चार दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। - बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर
आरोप निराधार हैं। उच्चाधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - राहुल मिठास, डीसीपी कंट्रोल रूम