Kanpur: सरकारी स्कूलों की जमीन पर अवैध कब्ज़ा, प्रशासन के एक सप्ताह में खाली करने के निर्देश
Kanpur News: तहसीलदार ने लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि पक्के बन चुके निर्माण में धारा 67 की कार्रवाई की जाए, तो वहीं नए पक्के निर्माण को एक सप्ताह के भीतर हटा दिया जाए। अन्यथा प्रशासन बुलडोजर की कार्रवाई करेगा।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल का मजरा माधवनगर और पुरवामीर में सरकारी विद्यालयों की ज़मीन पर अवैध कब्ज़े के मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दोनों स्थानों पर तहसील प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
माधवनगर में सरकारी विद्यालय की ज़मीन पर जयकरन यादव द्वारा अवैध निर्माण करवाया जा रहा था। इसकी शिकायत पर नरवल तहसीलदार विनीता पांडे के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान एबीएसए कृष्ण कांत और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।
कई बार जिलाधिकारी से की थी शिकायत
वहीं, पुरवामीर गांव स्थित प्राथमिक कन्या पाठशाला द्वितीय की ज़मीन पर भी अतिक्रमण किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से शिकायत की गई थी।
प्रशासन करेगा बुलडोजर की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार ने लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि पक्के बन चुके निर्माण में धारा 67 की कार्रवाई की जाए, तो वहीं नए पक्के निर्माण को एक सप्ताह के भीतर हटा दिया जाए। अन्यथा प्रशासन बुलडोजर की कार्रवाई करेगा।