Kanpur: दो चरण में संवरेगा ग्रीनपार्क…पहले बढ़ाएंगे दर्शक क्षमता, मंडलायुक्त ने दिए DPR तैयार कराने के निर्देश
Kanpur News: शासन से मिले निर्देश के अनुसार पहले चरण में ग्रीनपार्क में ड्रेनेज सिस्टम, दर्शकों की क्षमता को 50 हजार करना, मीडिया सेंटर का आधुनिकरण और फ्लड लाइट आदि के काम होंगे। वहीं, दूसरे चरण में स्टेडियम में कार पार्किंग, फूड शॉप के अलावा अन्य कामों को पूरा करना होगा।
विस्तार
कानपुर में बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था और कम दर्शक क्षमता समेत अन्य समस्याओं से जूझ रहे ग्रीनपार्क स्टेडियम को संवारने की कवायद तेज हो गई है। शासन की पहल के बाद मंडलायुक्त कार्यालय ने क्षेत्रीय खेल अधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर सभी कार्य के लिए प्रदेश सरकार की ओर से बजट जारी किया जाएगा।
पहले चरण में ड्रेनेज सिस्टम और दर्शक क्षमता को 50 हजार करने के काम कराने के निर्देश जारी हुए हैं। सोमवार को यूपीसीए की एपेक्स कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें डीपीआर में शामिल होने वाले कार्यों को लेकर चर्चा की गई थी। वहीं, मंगलवार को शासन ने मंडलायुक्त कार्यालय से ग्रीनपार्क में होने वाले कार्यों की रिपोर्ट मांगी।
दो चरणों में होगा पूरा काम
इस पर मंडलायुक्त कार्यालय ने ग्रीनपार्क के क्षेत्रीय खेल अधिकारी (आरएसओ) भानु प्रसाद को आवश्यक निर्देश दिए, तो उन्होंने यूपीसीए को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है। शासन से मिले निर्देश के अनुसार पहले चरण में ग्रीनपार्क में ड्रेनेज सिस्टम, दर्शकों की क्षमता को 50 हजार करना, मीडिया सेंटर का आधुनिकरण और फ्लड लाइट आदि के काम होंगे। वहीं, दूसरे चरण में स्टेडियम में कार पार्किंग, फूड शॉप के अलावा अन्य कामों को पूरा करना होगा।
बास्केटबॉल कोर्ट भी सुधारा जाएगा
स्टेडियम में बने बास्केटबॉल कोर्ट का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। ग्रीनपार्क आरएसओ भानु प्रसाद ने बताया कि पुराना कोर्ट कई स्थानों पर खराब हो गया है। इसकी दशा सुधारने के लिए खेल निदेशालय को पत्र भेजा गया था। इसके बाद शासन की ओर से निर्माण के लिए यूपीपीसीएल (उप्र प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) को कार्यदायी संस्था तय किया गया है। संस्था के इंजीनियर जल्द ही मौका मुआना करके इस्टीमेट तैयार करेंगे, ताकि बजट जारी कर काम प्रारंभ किया जाएगा।
शासन के निर्देश के बाद ग्रीनपार्क स्टेडियम के कायाकल्प के लिए यूपीसीए को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार करने के लिए पत्र लिखा गया है। डीपीआर प्राप्त होने के बाद सरकार से बजट जारी होगा और प्राथमिकता के अनुसार कार्य कराए जाएंगे। -भानु प्रसाद, आरएसओ ग्रीनपार्क स्टेडियम