कानपुर: जन्म प्रमाण पत्र बनवाना हुआ महंगा, अब 15 की जगह लगेंगे 120 रुपये, पंजीकरण शुल्क भी बढ़ाया, पढ़ें अपडेट
Kanpur News: कानपुर नगर निगम में अब जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब आवेदक को 15 रुपये की जगह 120 रुपये चुकाने होंगे। सभी जोनल कार्यालयों में नई दरें लागू कर दी गई हैं।
विस्तार
कानपुर नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब अधिक धन खर्च करना होगा। सभी जोनल कार्यालयों में नया शुल्क लागू कर दिया गया है। पहले प्रमाण पत्र के लिए 15 रुपये शुल्क लिया जाता था, अब आवेदक को 120 रुपये देने होंगे।
जन्म के एक साल बाद प्रमाण पत्र बनवाने पर पंजीकरण शुल्क 10 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। अनुमति प्रमाण पत्र (एनओसी) का शुल्क भी पांच रुपये से बढ़कर 20 रुपये हो गया है। नगर निगम के सभी जोनों में रोजाना 300 से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बन रहे हैं, जबकि हर जोन में हजारों आवेदन लंबित हैं।
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है
ऐसे में आवेदकों को प्रमाण पत्र के लिए लंबा इंतजार करने के साथ अधिक शुल्क भी देना होगा। अधिकारियों के अनुसार आवेदक शुल्क स्टेट बैंक में जमा कर सकते हैं या कोड लेकर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। यदि कोई निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि मांगता है, तो संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा सकती है।