कानपुर: टीबी की गंभीर बीमारी से टूटा हौसला, फर्नीचर कारीगर ने फंदे पर लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उन्नयन आवास कॉलोनी में पांच साल से टीबी की बीमारी से जूझ रहे युवक ने गुरुवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह कमरे में बल्ली से शव लटका मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
कानपुर में नवाबगंज थाना क्षेत्र की जीटी रोड स्थित राजकीय उन्नयन आवास कॉलोनी में पांच साल से टीबी से जूझ रहे आकाश यादव (37) ने गुरुवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। छोटे भाई विक्रांत के मुताबिक, बीमारी के कारण आकाश काफी कमजोर हो गया था। पिछले तीन-चार दिन से वह गुमसुम रहने लगा था और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा था। विक्रांत ने बताया कि आकाश फर्नीचर का काम करता था
हालांकि, बीमारी के कारण उसकी सेहत लगातार बिगड़ती गई और काम भी प्रभावित हो गया था। पांच साल से उसका इलाज चल रहा था। परिवार के लोग उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से भी परेशान रहता था। गुरुवार रात आकाश ने मां भानु के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। परिवार के अन्य सदस्य भी सो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शुक्रवार सुबह परिजन सोकर उठे तो आकाश कमरे से बाहर नहीं आया। उसे देखने पहुंचे, तो उसका शव चादर के सहारे बल्ली से लटका मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर नवाबगंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटे भाई ने बीमारी के कारण आकाश के परेशान रहने की बात पुलिस को बताई है।