कानपुर: रिक्शा चालक का पैनकार्ड लगा फर्जीवाड़ा, अरबों रुपये का किया लेनदेन, सीबीडीटी ने दिए जांच के निर्देश
Kanpur News: कानपुर में जालसाजों ने रिक्शा चालक और घरेलू नौकरों के पैनकार्ड व आधार का दुरुपयोग कर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए और उनके जरिए अरबों रुपये का लेनदेन कर डाला। सीबीडीटी के निर्देश पर आयकर निदेशालय (जांच) ने ऐसे पांच संदिग्ध खातों की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में जालसाजों की नजर लोगों के पैनकार्ड पर है। कानपुर आयकर निदेशालय (जांच) की पड़ताल में ऐसे पांच संदिग्ध बैंक खाते सामने आए हैं। इन खातों के जरिये अरबों रुपये का लेनदेन किया गया। खास बात यह है कि इन खातों में इस्तेमाल किए गए पैन कार्ड के वास्तविक धारक कोई कारोबारी या कंपनी संचालक नहीं है, बल्कि रिक्शा चालक और घरेलू नौकर निकले। हालांकि, अधिकारी अभी इन खातों और लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं।
इन मामलों में बैंक अफसरों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। दरअसल, बैंकों की ओर से संदिग्ध लेनदेन की जानकारी आयकर विभाग को दी जाती है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने अलग-अलग बैंकों के संदिग्ध खातों की जांच के निर्देश कानपुर आयकर निदेशालय (जांच) को दिए हैं। जिन पांच बैंक खातों की पड़ताल सौंपी गई है। उनके जरिये अरबों रुपये का लेनदेन हुआ है।
पैन कार्ड धारक बेहद कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के निकले
जब खातों में दर्ज पैन कार्ड की जांच की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पैन कार्ड धारक बेहद कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के लोग निकले। इनमें कोई रिक्शा चालक है, तो कोई घरेलू नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। सूत्रों के अनुसार अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से, तो ऐसे खाते नहीं खोले जा रहे हैं।
खाते खोलने और संचालन में कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई
आशंका है कि सामान्य लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते खोले गए हैं। फिर उनके जरिये रुपयों का लेनदेन करने के बाद खाते बंद कर दिए गए। विभाग बैंक अधिकारियों की भूमिका और उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रहा है। इससे यह पता लगाया जा सके कि खाते खोलने और उनके संचालन में कोई गड़बड़ी, तो नहीं हुई। जो पांच संदिग्ध खाते जांच के दायरे में आए हैं। उसमें एक खाते में ही 100 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन कुछ समय में किया गया।
सत्यापन के नाम पर ली गई नौकर की आईडी
एक व्यक्ति ने घर में घरेलू कामकाज के लिए नौकर रखा। पुलिस सत्यापन के नाम पर आधार कार्ड और पैन कार्ड संबंधित से ले लिया। इसके बाद उसका बैंक खाता खुलवाया। बैंक के जरिये वेतन देने की बात कहकर बैंककर्मियों के सामने ले जाकर उसका भौतिक सत्यापन भी करवा दिया। इसके बाद मिले चेक, एटीएम अपने पास रख लिए। इसके बाद से उस घरेलू नौकर के नाम से बेनामी लेनदेन किया गया। इसमें बैंक कर्मचारी और अफसर भी मदद करते हैं।
पैन और आधार की फोटो कॉपी किसी को न दें
जानकारों का कहना है कि पैनकार्ड, आधार कार्ड के दुरुपयोग से बचने के लिए लोगों को अपने दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी अनजान व्यक्ति या परिचित को भी बिना जरूरत पैन और आधार कार्ड की कॉपी नहीं देनी चाहिए। दस्तावेजों में अपना ही मोबाइल नंबर दर्ज कराना चाहिए। साथ ही पैन कार्ड धारकों को समय-समय पर आयकर विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध फॉर्म 26एएस की जांच करनी चाहिए।
पैनकार्ड के दुरुपयोग के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे लोगों के पैनकार्ड के जरिये बड़े-बड़े लेनदेन किए जा रहे हैं। इनके बारे में उन्हें कुछ भी जानकारी तक नहीं होती है। घरेलू नौकर के सत्यापन के नाम पर भी ऐसे खेल हो रहे हैं। -सीए, अंकुर गोयल, चेयरमैन, सीआईआरसी
आयकर विभाग में हर प्रक्रिया ऑनलाइन है। रिटर्न दाखिल होने से लेकर कटने वाले टीडीएस की जानकारी संबंधित करदाता के मोबाइल नंबर पर मिल जाती है। यदि किसी को अपने दस्तावेजों के दुरुपयोग होने की जानकारी मिले तो इसकी जानकारी आयकर विभाग को देनी चाहिए। -डाॅ. एस मनु, वरिष्ठ कर, अधिवक्ता
