कानपुर: बाराबंकी से स्मैक-गांजा लेकर पहुंचे थे, पुलिस के हत्थे चढ़े चार तस्कर, 'कपड़ा' कोडवर्ड से होता था खेल
Kanpur News: पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी बाराबंकी से नशीली खेप लाकर कानपुर के विभिन्न इलाकों के अलावा गोरखपुर और फैजाबाद तक सप्लाई करते थे।
विस्तार
कानपुर में बाराबंकी से स्मैक और गांजे की खेप लेकर तस्करी करने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 127 ग्राम स्मैक और 10 किलो गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों में बजरिया के कर्नलगंज निवासी आशु सोनकर उर्फ इलाहाबादी भी शामिल है। वह बाराबंकी से नशीले पदार्थ लाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। उसके साथी रामचंद्र का नेटवर्क गोरखपुर, फैजाबाद समेत कई जिलों तक फैला था।
पकड़े गए अन्य आरोपियों में बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के सुधिया मऊ निवासी मुन्ना और जैतपुर निवासी रामचंद्र व मकसूद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आशु बाराबंकी से माल लाकर बिठूर, बारादेवी और चुन्नीगंज समेत कई इलाकों में पहुंचाता था। वहीं, रामचंद्र गोरखपुर, फैजाबाद और आसपास के जिलों के तस्करों के संपर्क में था। वह वहां भी नशीले पदार्थों की खेप भेजता था।
आरोपियों के इनवर्ड और आउटवर्ड नेटवर्क की जांच
तस्कर स्मैक को कोड भाषा में कपड़ा कहते थे। एक ग्राम स्मैक को एक मीटर बताकर उसका हिसाब रखते थे। एक ग्राम स्मैक से 12 से 14 पुड़िया तैयार कर प्रत्येक पुड़िया 300 रुपये या उससे अधिक में बेचते थे। नशे के कारोबार का भुगतान लेने के लिए कई बार सामुदायिक सेवा केंद्रों के जरिये रुपये मंगवाए जाते थे। इसके लिए खरीदारों को क्यूआर कोड भेजा जाता था। पुलिस अब आरोपियों के इनवर्ड और आउटवर्ड नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि नशे की खेप कहां से आती थी और किन-किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी। इसका पता लगाया जा सके।
