Kanpur: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र पहुंचे कानपुर, शुभम के परिजनों से की मुलाकात, संवेदना व्यक्त की…कही ये बात
Kanpur News: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि समाज के सभी वर्ग भारत सरकार से अपेक्षा कर रहे हैं कि पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।
विस्तार
राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। वह सुबह लखनऊ से सड़क मार्ग से चलकर 12:30 बजे हाथीपुर पहुंचे। वहां शुभम द्विवेदी के परिवार से शोक संवेदना व्यक्त की और घटनाक्रम की जानकारी ली। कलराज मिश्र ने कहा कि पहलगाम हमला कर आतंकियों ने बड़ी गलती की है, जिसके कारण पूरा देश एकजुट हो गया है।
सभी राजनैतिक दल और संगठन एक हो गए हैं। समाज के सभी वर्ग भारत सरकार से अपेक्षा कर रहे हैं कि पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे। पहलगाम आतंकी हमला बेहद कायराना करतूत है, जिसमें निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। पत्नियों के सामने पति की हत्या करना और ये कहना कि जाओ मोदी को बता दो।
बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में करेंगे मुलाकात
ये दर्शाता है कि देश विरोधी ताकतों ने साजिशन घटना को अंजाम दिया और भारत सरकार को चुनौती दी। इन नृशंस हत्याओं से पूरा देश आहत है। बता दें कि कलराज मिश्र दोपहर में केशवनगर स्थित कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों से मुलाकात भी करेंगे। दोपहर दो बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।