Kanpur: ‘पैसा भूल जाओ, वरना अंजाम बुरा होगा’, डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर कारोबारी से 20 लाख की ठगी, FIR दर्ज
Kanpur News: स्वरूप नगर में कारोबारी से डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी हुई। पुर एनर्जी लिमिटेड के मैनेजरों ने कमीशन का लालच देकर आरटीजीएस के जरिए रकम मंगवाई और सामान नहीं भेजा। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी।
विस्तार
कानपुर के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र में डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित फर्म के पार्टनर ने आरोप लगाया है कि रकम लेने के बाद न तो मशीनें भेजी गईं और न ही पैसा वापस किया गया, उल्टा आरोपियों ने हत्या करने की धमकी दी। स्वरूपनगर के आरके अपार्टमेंट निवासी हरप्रीत सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अर्थली पावर सॉल्यूशंस एलएलपी के पार्टनर हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी बातचीत पुर एनर्जी लिमिटेड के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर प्रभुदास रेड्डी कांडि और निखिल से हुई थी। आरोप है कि दोनों ने 20 लाख रुपये में डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने और मशीनों पर 22 प्रतिशत कमीशन का लालच दिया। पीड़ित के अनुसार 21 अगस्त 2025 को आरटीजीएस के जरिए 20 लाख रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने जल्द मशीन भेजने का आश्वासन दिया।
पैसा वापस मांगा, तो डीलर बनने का नया प्रस्ताव दिया
मामले में 45 दिन बीतने के बाद भी न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेटर मिला और न ही मशीनें। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने और 80 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। जब पीड़ित ने मना किया और पैसा वापस मांगा, तो उन्हें डीलर बनने का नया प्रस्ताव दिया गया। इस दौरान कंपनी के अन्य लोगों शाहरुख, रोहित बडेरा और निशांत डोगरी से भी बात कराई गई।
पैसा भूल जाओ, वरना अंजाम बुरा होगा
हरप्रीत सिंह का कहना है कि 30 सितंबर 2025 को जब उन्होंने अपने 20 लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए हत्या की धमकी दी और कहा कि पैसा भूल जाओ, वरना अंजाम बुरा होगा। पीड़ित के मुताबिक बाद में एक फर्जी ई-वे बिल भी भेजा गया, लेकिन आज तक कोई सामान नहीं पहुंचा। अब आरोपी फोन भी नहीं उठा रहे हैं। स्वरूप नगर इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।