कानपुर अग्निकांड: फैक्टरी मालिक पर एफआईआर, आग लगने से तीन लोगों की हो गई थी मौत
कानपुर में फजलगंज के गड़रियनपुरवा स्थित साइकिल की गद्दी बनाने वाली फैक्टरी में शुक्रवार सुबह लगी आग में तीन मजदूरों की मौत हो गई थी। मामले में फैक्टरी मालिक पर एफआईआर दर्ज की गई है। कानपुर में फजलगंज के गड़रियनपुरवा स्थित साइकिल की गद्दी बनाने वाली फैक्टरी में शुक्रवार सुबह लगी आग में तीन मजदूरों की मौत हो गई थी। मामले में फैक्टरी मालिक पर एफआईआर दर्ज की गई है।
विस्तार
कानपुर के गड़रियनपुरवा में शुक्रवार सुबह साइकिल की गद्दी और पैडल बनाने वाली एसके इंडस्ट्रीज में हुए अग्निकांड में तीन मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को खुद वादी बन फैक्टरी मालिक दीपक कटारिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मुकदमे की सूचना मिलते ही फैक्टरी मालिक फरार हो गया।
मृतकों के परिजनों की ओर से देर रात तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। लिहाजा चौकी इंचार्ज कमलेश राय की ओर से गैर इरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस फैक्टरी मालिक की तलाश में दबिश दे रही है। बता दें, इस अग्निकांड में उन्नाव के बारासगवर निवासी जयप्रकाश (50) , सचेंडी कैंधा नरेंद्र (30) और शिवराजपुर के छतरपुर निवासी प्रदीप (24) की मौत हो गई थी।
फैक्टरी मालिक समेत 110 फैक्टरियों को फायर विभाग का नोटिस
हादसे के बाद हरकत में आई फजलगंज फायर स्टेशन की टीम ने शनिवार को दोबारा घटनास्थल के साथ ही आसपास के एरिया में निरीक्षण किया। विभाग ने एसके इंडस्ट्रीज समेत 110 फैक्टरियों को नोटिस थमाया। नोटिस में फायर विभाग की ओर से जारी मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। फजलगंज के अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि फजलगंज क्षेत्र में 404 फैक्टरियां हैं, इनमें से सिर्फ 4 के पास ही एनओसी है। यहां जितनी भी फैक्टरियां हैं वह 15 मीटर की ऊंचाई से कम हैं। इस कारण वह सिर्फ नोटिस दे सकते हैं, बड़ी कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। उपनिदेशक कारखाना ऐसी फैक्टरियों को चलाने की अनुमति देता है, वही बंदी की कार्रवाई कर सकता है।