Kanpur Fire: पीड़ित परिवार से मिला सपा का प्रतिनिधि मंडल, बोला- एसआईटी के बजाए..न्यायाधीश से कराई जाए जांच
मड़ौली अग्निकांड के पीड़ित परिवार से मिलने सपा को 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल पहुंचा। इस दौरान मुख्य सचेतक ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही, कहा कि मामले की जांच एसआईटी के बजाए न्यायाधीश से कराई जाए।
विस्तार
प्रदेश में कानून व्यवस्था के नाम पर कोई चीज नहीं है। मामले की जांच एसआईजी के बजाए न्यायाधीश से करानी चाहिए। यह बातें सपा विधानमंडल दल के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय ने पत्रकारों से कहीं। 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल गुरूवार को रूरा में जिंदा जलकर मरी मां और बेटी के परिवार के सदस्य शिवम व अंश से मिलना पहुंचा था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का बुलडोजर सिर्फ गरीबों के आशियाने पर ही चलता हुआ दिखाई दे रहा है। भाजपा के बुलडोजर से बेसहारा गरीबों मजलूमों को ही रौंदा जा रहा है। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि रक्षक ही भक्षक बन चुके हैं। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद बाबा के बुलडोजर अब कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
सरकार का बुलडोजर सिर्फ आम जनता के लिए
क्या सरकार के बुलडोजर आम आदमियों के लिए ही बने हैं। उन्हीं के घर गिरवाये जा सकते हैं। इस घटना को अंजाम देने वाले अधिकारियों कर्मचारियों के घर गिराने के लिए बाबा का बुलडोजर शायद कमजोर पड़ रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने परिवार के सदस्यों से कहा कि अखिलेश यादव व सपा का हर कार्यकर्ता आपके साथ है।
पीड़ित परिवार के साथ है सपा का ही कार्यकर्ता
आश्वासन दिया गया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं सपा का हर कार्यकर्ता उनके साथ है। समाजवादी पार्टी उन को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी, इसके लिए क्यों नहीं आर पार की लड़ाई लडनी पड़े। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि इस मामले की पूरी जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दी जाएगी।
विधानसभा में उठाया जाएगा मुद्दा
साथ ही, मामले को विधानसभा में भी पूरे जोर शोर से उठाया जाएगा। इससे पहले प्रतिनिधि मंडल ने एएसपी घनश्याम चौरसिया से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान विधायक प्रदीप यादव, विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधायक मोहम्मद हसन रूमी आदि उपस्थित रहे।