कानपुर: ऑक्सीजन प्लांट के बाहर खड़ी वैन में लगी आग, तेज धमाके के साथ फटा सिलिंडर, बाल-बाल बचे लोग
बब्बर ऑक्सीजन प्लांट के बाहर मंगलवार दोपहर वैन में अचानक आग लग गई। वैन में अंदर 2 ऑक्सीजन सिलिंडर भरे हुए रखे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिलिंडर फटने से वैन के परखचे उड़ गए जो दूर-दूर जाकर गिरे। गनीमत ये रही कि वैन के आसपास कोई मौजूद नहीं था। एसीपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वैन के इंजन में आग लगी थी, जिसने पूरी वैन को चपेट में ले लिया। इस बीच वहां तैनात फजलगंज थाने के हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार ने ऑक्सीजन लेने के लिए खड़े लोगों को दूर हटाया।
तभी वैन में रखा एक सिलिंडर फट गया और दूसरा दूर जाकर गिरा। सूचना पर पहुंची फजलगंज फायर स्टेशन की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। एसीपी ने बताया कि किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। ऑक्सीजन वितरण भी सुचारु रूप से चालू करा दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी चौबेपुर के गबड़हा निवासी सुमित, राजा व उन्नाव निवासी फैज ने बताया कि घटना के समय करीब 40 लोग ऑक्सीजन लेने के लिए लाइन में खड़े थे। समय रहते पुलिस, एजेंसी मालिक सुमित बब्बर और कर्मचारियों ने सभी को हटा दिया था, इससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कुछ लोग डर के कारण बगैर ऑक्सीजन लिए ही लौट गए। आमदिनों की अपेक्षा भीड़ भी कम थी।
सिलिंडर के टुकड़े से फटा कार का टायर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिलिंडर फटते ही उसका एक टुकड़ा गेट की दूसरी ओर खड़ी वैगनआर कार के टायर पर जा धंसा। इससे टायर फट गया।
वैन मालिक का पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही आग किन कारणों से लगी, इसकी भी जांच कराई जा रही है।
संतोष सिंह, एसीपी नजीराबाद