Kanpur: साधारण के साथ वीआईपी ट्रेनों की भी बिगड़ी चाल, कोहरे से तेजस, वंदे भारत समेत 72 ट्रेनें रहीं लेट
Kanpur News: कोहरे के चलते तेजस, वंदे भारत और राजधानी समेत 72 ट्रेनें लेट रहीं। यात्री 12 घंटे तक इंतजार में बैठे रहे।
विस्तार
कोहरे के कारण साधारण से लेकर वीआईपी ट्रेनों तक का परिचालन प्रभावित है। तेजस, वंदे भारत और राजधानी जैसी कई ट्रेनें साढ़े छह घंटे तक लेट हो रही हैं। सोमवार को नियमित और स्पेशल मिलाकर 72 ट्रेनें लेट रहीं। इससे कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर यात्री ठंड में परेशान रहे। लेट ट्रेनें देख कई यात्री उसी रूट की दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ते नजर आए।
सोमवार को 82502 लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस आठ घंटे, 22416 वाराणसी वंदे भारत 06.30 घंटे, 12314 सियालदह राजधानी एक्सप्रेस छह घंटे, 12302 हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस पांच घंटे, 12310 राजेंद्र नगर राजधानी एक्सप्रेस 03:45 घंटे, 22812 भुवनेश्वर तेजस राजधानी 03:30 घंटे लेट रही। वहीं 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल 12 घंटे, 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस 05:30 घंटे, 14117 कालिंदी एक्सप्रेस आठ घंटे, 12312 नेताजी एक्सप्रेस पांच घंटे, 15483 सिक्किम महानंदा पांच घंटा, गोरखपुर-पनवेल 40 मिनट देरी से सेंट्रल स्टेशन पर आई। कोहरे की वजह से मेमू भी चार से छह घंटे तक देरी से चल रही हैं जिससे नियमित सफर करने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं। ठंड के बीच सेंट्रल स्टेशन पर यात्री घंटों अपनी ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों को हुई। यात्रियों से प्रतिक्षालय और वेटिंग हॉल फुल रहे।
प्रीमियम ट्रेनों के यात्रियों ने जताई नाराजगी
प्रीमियम ट्रेनों के लेट होने पर यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाराजगी जताई। दिव्यांश आर्य ने लिखा कि कानपुर सेंट्रल से दिल्ली जाने वाली 12033 शताब्दी एक्सप्रेस दो घंटे से ज्यादा लेट है। शेखर शर्मा ने लिखा कि 22426 वंदे भारत कानपुर सेंट्रल 11:00 बजे पहुंची है लेकिन लेट होने से आउटर पर खड़ी है। प्रीमियम ट्रेनों का यह हाल रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। वैभव मिश्रा ने लिखा कि नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 22436 वंदे भारत से सफर कर रहे है। वापसी की टिकट वाराणसी से मुरी तक की 20888 वंदे भारत में है लेकिन अभी दिल्ली वाली ट्रेन ही दो घंटा लेट है। ऐसे में आगे की ट्रेन छूटने का डर है। अमन तिवारी ने लिखा कि 82501 नई दिल्ली आईआरसीटीसी तेजस एक्सप्रेस नौ घंटा लेट है।