08:06 PM, 03-Jul-2020
कानपुर आईजी ने विकास दुबे पर पचास हजार का इनाम घोषित किया
कानपुर आईजी रेंज मोहित अग्रवाल ने कुख्यात बदमाश विकास दुबे पर पचास हजार का इनाम घोषित किया।
06:04 PM, 03-Jul-2020
थाना अध्यक्ष चौबेपुर विनय तिवारी की भूमिका सन्दिग्ध, एसटीएफ कर रही पूछताछ
बिकरु गांव में शहीद हुए पुलिस कर्मियों के मामले में थाना अध्यक्ष चौबेपुर विनय तिवारी की भूमिका सन्दिग्ध। एसटीएफ थाना अध्यक्ष विनय तिवारी से पूछताछ कर रही है।
05:36 PM, 03-Jul-2020
जो लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं वो कानूनन इसकी सजा भुगतेंगेः योगी
योगी ने कहा कि हमारी सरकार नागरिकों की सुरक्षा के साथ साथ शासन प्रणाली से जुड़े हर व्यक्ति हर परिवार के साथ खड़ी है। इस घटना के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं वो कानूनन इसकी सजा भुगतेंगे। हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नही जाएगा। मैंने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर भरोसा दिया है।
05:24 PM, 03-Jul-2020
मैं बहादुर जवानों की शहादत को कोटि कोटि नमन करता हूंः योगी
सीएम योगी ने कानपुर पुलिस लाइन हॉल में कहा कि पुलिसकर्मी स्वयं के सुख चैन को भूलकर लगातार काम कर रहे हैं। दिन भर की ड्यूटी के बाद भी माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में ये टीम दबिश के लिए गई थी। मैं इन बहादुर जवानों की शहादत को कोटि कोटि नमन करता हूं। मेरी परिजनों के साथ संवेदना है।
05:15 PM, 03-Jul-2020
सीएम योगी ने एलान किया है कि शहीद पुलिस कर्मी के परिवारों को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। साथ ही सभी के परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी और पेंशन भी दी जाएगी। जो शहीद हुए हैं उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
05:10 PM, 03-Jul-2020
घायलों का उच्चस्तरीय इलाज हमारी पहली प्राथमिकताः योगी
सीएम योगी ने कहा कि घायलों का उच्चस्तरीय इलाज हमारी पहली प्राथमिकता। दोषियों की किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश भर की पुलिस को दोषियों की धरपकड़ में लगाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि बदमाशों के लिए मुखबिरी करने वाले भी बराबर के दोषी हैं।
04:50 PM, 03-Jul-2020
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचकर वहां हमले में घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। इसके बाद सीएम योगी कानपुर पुलिस लाइन हॉल पहुंचे। यहां उन्होंने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
04:09 PM, 03-Jul-2020
रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचे। यहां इन्होंने हमले में घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। योगी आदित्यनाथ ने घायल सिपाही अजय सिंगर के साले आकाश सिंह व बिठूर थाना अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह के भतीजे एमसी विद्यार्थी से बात की।
परिजनों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि यहां पर इलाज में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिन जवानों ने वीरता का परिचय दिया है उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। पुलिस तेजी के साथ अपनी कार्रवाई कर रही है।
03:27 PM, 03-Jul-2020
कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस लाइन हॉल में पत्रकारों से करेंगे वार्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर पहुंच चुके हैं। वह सीधे पुलिस लाइन हॉल पहुंचेंगे और पत्रकारों से वार्ता करेंगे। उन्होंने वार्ता का लाइव कवरेज करने के लिए मीडियो को आमंत्रित किया है।
03:08 PM, 03-Jul-2020
विकास दुबे के रिश्तेदार हिरासत में
लखनऊ के कृष्णानगर एसीपी दीपक सिंह, कृष्णानगर एसएचओ व मानकनगर, सरोजनीनगर पुलिस ने विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश के घर से रिश्तेदार अंजली दुबे और अनु दुबे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। विकास की तलाश में लखनऊ के कई ठिकानों में पुलिस सर्च कर रही है।