Kanpur: जरीबचौकी पुल से जुड़ेगी एलिवेटेड रोड, रामादेवी पहुंचना होगा आसान, डीपीआर में किया गया प्रावधान
Kanpur News: रामादेवी से गोल चौराहे तक 1500 करोड़ से बनने वाली चार लेन एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की वार्षिक योजना में शामिल है। यह शहर की दूसरी एलिवेटेड रोड होगी। इसकी लंबाई 10.2 किलोमीटर और चौड़ाई 22 मीटर होगी।
विस्तार
कानपुर में जरीबचौकी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) एलिवेटेड जीटी रोड से जुड़ेगा। इससे न सिर्फ क्राॅसिंग पार करने में जाम से निजात मिलेगी बल्कि एलिवेटेड रोड से रामादेवी और गोल चौराहे तक फर्राटा भरा जा सकेगा। चार लेन का यह शहर का पहला ऐसा पुल होगा, जिसमें चार रैंप होंगे जो चार दिशाओं में उतरेंगे। इस पुल पर कालपी रोड, घंटाघर रोड और जीटी रोड पर गोल चौराहा या रामादेवी की तरफ से आसानी से आवागमन किया जा सकेगा।
सेतु निगम जीटी रोड को कालपी रोड से जोड़ने वाली जरीबचौकी रेलवे क्रासिंग पर 320 करोड़ रुपये से चार लेन का पुल बनवा रहा है। सेतु निगम ने इस कार्य के लिए ठेकेदार कंपनी चयनित कर रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। वहां से मुहर लगते ही ठेकेदार कंपनी को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। पुल निर्माण स्थल से सीवर लाइनें और पाइपलाइनें शिफ्ट करने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। अगले महीने से निर्माण शुरू कराने की तैयारियां की जा रही हैं। इस पुल के बनने से एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
मंत्रालय कर रहा एलिवेटेड रोड की डीपीआर का अध्ययन
रामादेवी से गोल चौराहे तक 1500 करोड़ से बनने वाली चार लेन एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की वार्षिक योजना में शामिल है। यह शहर की दूसरी एलिवेटेड रोड होगी। इसकी लंबाई 10.2 किलोमीटर और चौड़ाई 22 मीटर होगी। हैदराबाद की कंसलटेंट कंपनी हेक्सा की तरफ से तैयार की गई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) चार महीने पहले मंत्रालय भेज दी गई थी।
डीपीआर स्वीकृत करने के संकेत
वहां कई बार हुई बैठकों और उनमें दिए गए सुझावों के आधार पर कई संशोधन किए गए हैं। इन संशोधनों में एलिवेटेड रोड को जरीबचौकी आरओबी से जोड़ने का भी प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही एलिवेटेड रोड में श्यामनगर मोड़, टाटमिल चौराहा, अफीमकोठी में भी रैंप बनाने की योजना है। हालांकि अभी एलिवेटेड रोड निर्माण में कुछ अड़चनें हैं। मंत्रालय ने इन अड़चनों को दूर कर डीपीआर स्वीकृत करने के संकेत दिए हैं।
जरीबचौकी रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए ठेकेदार कंपनी चयनित हो गई है। मुख्यालय से अनुमति मिलते ही कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। पुल निर्माण स्थल पर बिछीं सीवर लाइनें, पाइपलाइनें, केबिल आदि शिफ्ट कराने की तैयारियां की जा रही हैं। -विजय कुमार सेन, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम
जीटी रोड पर रामादेवी से गोल चौराहे तक एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव वार्षिक योजना में शामिल है। निर्माण लागत 1500 करोड़ रुपये है। अभी वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। इसकी डीपीआर भी लगभग फाइनल हो गई है पर कुछ अड़चनें हैं। इन्हें दूर करते ही डीपीआर स्वीकृत होने के साथ ही वित्तीय स्वीकृति भी मिल जाएगी। -प्रवीण कुमार, अधीक्षण अभियंता, एनएच पीडब्ल्यूडी