कानपुर: साइबर ठगों का आसान शिकार बन रहे बुजुर्ग, 90 करोड़ की ठगी में 30 से 35 % से अधिक हिस्सा, पढ़ें रिपोर्ट
Kanpur News: कानपुर में साइबर ठगों के निशाने पर सबसे ज्यादा सीनियर सिटीजन आ रहे हैं। इस साल के आठ महीनों में हुई 90 करोड़ की साइबर ठगी में 30 से 35 फीसदी रकम बुजुर्गों की है, जो पारिवारिक प्रतिष्ठा के डर से अक्सर चुप्पी साध लेते हैं।
विस्तार
कानपुर में 60 की उम्र तक पहुंचने में कभी किसी लालच में भले ही न फंसे हों लेकिन उम्र का यह पड़ाव पार करने के बाद बुजुर्ग साइबर ठगी का सबसे अधिक शिकार बन रहे हैं। कभी निवेश के नाम पर रकम दूनी करने का लालच तो कभी किसी अपराध में फंसाने का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठग सीनियर सिटीजन को चूना लगा रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इस साल के आठ महीनों में 90 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी हुई है। इसमें 30 से 35 फीसदी रकम सीनियर सिटीजन से ही ठगी गई है। इससे भी बड़ी हैरत की बात यह है कि परिवार में सबसे बड़े व समझदार माने जाने वाले बुजुर्ग जब खुद ही ठगी का शिकार होते हैं तो उसी परिवार में अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए चुप्पी साधे रहते हैं। जब तक पुलिस के सामने आते हैं, तब तक काफी देर हो चुकी होती है।
सीनियर सिटीजन से ठगी जाने वाली रकम अधिक है
कुछ मामलों में तो पत्नी और बच्चों की ओर से जोर दिए जाने के बाद ठगी का शिकार बुजुर्गों के लड़खड़ाते कदम साइबर थाने तक पहुंचते हैं। साइबर थाने के इंस्पेक्टर अभय सिंह का कहना है कि ठगी का शिकार होने वाले सीनियर सिटीजन की संख्या तो कम है। फिर भी उनसे ठगी जाने वाली रकम अधिक है, क्योंकि उनके पास से साइबर ठगों को कम समय में एक बड़ी रकम आसानी से हाथ लग जाती है।
केस- एक: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.83 करोड़ की ठगी
इस साल अगस्त में कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले केंद्रीय लोक निर्माण विभाग से रिटायर्ड सरकारी अधिकारी को ठगों ने अपने जाल में फंसाया। अपराधियों ने खुद को पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय का अधिकारी बताया और मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। बुजुर्ग को डराकर 12 से 14 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया। करीब 1.83 करोड़ रुपये साइबर ठगों ने अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
केस-दो: 48.20 लाख ठगी के बाद परिवार लाया सामने
इसी साल सितंबर में स्वरूपनगर निवासी 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बुजुर्ग को भी साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई और मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर डराया। उनके नाम का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में बताया। जेल भेजने की धमकी देकर तीन चार बार में 48.20 लाख अपने फर्जी खातों में ट्रांसफर करवा लिए। कई दिनों तक पीड़ित बुजुर्ग ने किसी से कोई शिकायत नहीं की। जब बात परिवार को पता लगी तब जाकर मामला पुलिस तक पहुंचा।
केस- तीन: पेंशनर कार्ड पाने के लिए गंवाए 5.40 लाख
अक्तूबर 2026 में बाबूपुरवा इलाके के रहने वाले एक बुजुर्ग प्रदीप कुमार आइच के पास ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया। बुजुर्ग को झांसा दिया कि आपको सीनियर सिटीजन पेंशनर कार्ड भेजा जा रहा है। व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक/फाइल को खुलवाकर मोबाइल हैक कर लिया। ठगों ने ई-मेल आईडी बदलकर उनके खाते से 5.40 लाख कम कर दिए।
केस-चार: बिना किसी लालच ही 46 हजार खाते से गंवाए
इसी साल सितंबर में घाटमपुर के पतारा कस्बे में रहने वाले सीनियर सिटीजन के खाते से अचानक तीन बार में करीब 46,000 कट गए। हैरान करने वाली बात यह थी कि बुजुर्ग ने कभी अपना डेबिट कार्ड तक नहीं बनवाया था और न ही वह यूपीआई इस्तेमाल करते थे। पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई करने में भी काफी परेशानी हो रही है।
बुजुर्गों के लिए सुरक्षा के उपाय और हेल्पलाइन
- कोई डिजिटल अरेस्ट नहीं होता: पुलिस, सीबीआई या ईडी कोई भी सरकारी एजेंसी कभी भी वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार या अरेस्ट नहीं करती और न ही पैसे मांगती है।
- अपरिचित लिंक न खोलें: व्हाट्सएप या मैसेज पर आए किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें
- तुरंत रिपोर्ट करें: यदि किसी के साथ ऐसी कोई धोखाधड़ी होती है, तो बिना डरे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम ऑफिशियल वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं।
सीनियर सिटीजन को साइबर ठगों के प्रति जागरूक करने के लिए हाल ही में एक कार्यशाला भी पुलिस कार्यालय में कराई गई थी। इसके अलावा कानपुर पुलिस ने खासतौर पर बुजुर्गों को साइबर ठगों से बचाने के लिए एक 40 मिनट की फिल्म भी बनवाई है। बुजुर्गों को चाहिए कि वे किसी तरह का लालच न करें। यदि कभी ठगी का शिकार होते भी हैं तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। -रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर