सुविधा: हर एक किमी पर आधा मिनट के लिए रुकेगी ई-बस, केसीटीएसएल ने जारी की नई समय सारिणी, पढ़ें डिटेल
Kanpur News: केसीटीएसएल के अधिकारियों ने एक उच्च स्तरीय बैठक में ई-बसों के जरिए बेहतर परिवहन सुविधा देने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। नए शेड्यूल के तहत, हर एक किलोमीटर पर ई-बस आधा मिनट के लिए रुकेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में इस त्योहारी सीजन में अब 30 किमी के दायरे में हर 15 मिनट में ई-बसों की सेवा मिलेगी। हर एक किमी पर ई-बस आधा मिनट के लिए रुकेगी। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड (केसीटीएसएल) के अधिकारियों ने नई समय सारिणी जारी कर दी है। दो अक्तूबर से नए शेड्यूल से ई-बसों का संचालन होगा। सीएनजी बसों का संचालन शहर में पूरी तरह से ठप होने के बाद विभिन्न रूटों पर शहरवासियों को दिक्कत हो रही थी।
यह मुद्दा मंगलवार को मंडल के एक अधिकारी के साथ केसीटीएसएल के अधिकारियों की बैठक में भी उठा था। तय हुआ कि ई-बसों के जरिये बेहतर परिवहन सुविधा देने की व्यवस्था की जाएगी। केसीटीएसएल के संचालन प्रबंधक अभिनव निगम ने रूट का सर्वे कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी। रिपोर्ट मंजूर होने के बाद नई समय सारिणी लागू की गई है।
नौबस्ता से जहानाबाद रूट तक आठ ई-बसों को बंद किया
पहले रामादेवी से बिंदकी तक जाने वाली 16 ई-बसों को सिकटिया (चौडगरा), रामादेवी से आईआईटी तक चलने वाली 23 ई-बसों को मंधना के आगे रामा मेडिकल कॉलेज तक किया गया है। रामादेवी से रनिया रूट पर अब छह की जगह नौ ई-बसों को संचालित किया जाएगा। रूट की दूरी 50 से घटाकर 30 किलोमीटर की गई है। इसके अलावा नौबस्ता से जहानाबाद रूट तक आठ ई-बसों को बंद किया गया है।
दिसंबर तक आ सकती नई बसें
बताया जा रहा है कि दिसंबर तक नई बसों के आने की संभावना है तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शहर में बसों का संचालन किया जाएगा। वर्तमान में 77 ई-बसों का संचालन हो रहा है। इसमें करीब आठ से 11 हजार तक यात्री प्रतिदिन सफर कर रहे हैं।
ई-बसों के संचालन के लिए नई समय सारिणी लागू हो गई है। रूट पर शहरियों को हर 15 मिनट में ई-बस की सेवा मिलेगी। त्योहारी सीजन में ज्यादा लोड फैक्टर और आय बढ़ाने के लिए चेकिंग भी बढ़ाई जाएगी। -महेश कुमार, प्रबंध निदेशक, केसीटीएसएल