कानपुर डुप्लीकेट सीमेंट: फरार गुप्ता बंधुओं पर 15-15 हजार का इनाम घोषित, मुंशी की जमानत खारिज, CA से पूछताछ
Kanpur News: कानपुर में नकली सीमेंट बनाने और सप्लाई करने के मामले में फरार चल रहे फर्म संचालक गुप्ता बंधुओं पर पुलिस ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने मामले की जांच के तहत शनिवार को उनके सीए शिवम गुप्ता से पूछताछ की और अडानी ग्रुप से खरीदी गई सीमेंट का ब्योरा मांगा है।
विस्तार
कानपुर में नकली सीमेंट बनाने के मामले में पुलिस ने भागे फर्म संचालक गुप्ता बंधुओं पर 15-15 हजार का इनाम घोषित किया है। वहीं, पुलिस ने शनिवार को नकली सीमेंट बनाने वाले गुप्ता बंधुओं के सीए शिवम गुप्ता से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने सीए से पूछा कि बीते तीन वर्षों में अडाणी ग्रुप से कितनी सीमेंट और किस ग्रेड की खरीदी गई।
यदि बी-ग्रेड की सीमेंट खरीदी गई, तो उसका इस्तेमाल कहां-कहां हुआ। वहीं, डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कुछ जानकारी अडाणी ग्रुप से भी मांगी गई है। बता दें कि करीब 15 दिन पूर्व पुलिस कमिश्नर की स्पेशल टीम ने पनकी के इस्पातनगर में दबिश देकर नकली सीमेंट बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। फैक्टरी चलाने वाले सगे भाई नीरज व धीरज गुप्ता तब से भागे हुए हैं।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं
अडाणी ग्रुप के अधिकारियों ने पुलिस को बताया था कि गुप्ता बंधु कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर भी थे। इसके बाद भी उन्हीं के ब्रांड एसीसी की नकली सीमेंट बनाकर लखनऊ एयरपोर्ट और सीएम ग्रिड की सड़कों के लिए सप्लाई कर रहे थे। डीसीपी ने बताया कि अडाणी ग्रुप से भी गुप्ता बंधुओं की फर्म को सप्लाई की गई। सीमेंट का हिसाब-किताब लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। उन पर इनाम भी घोषित किया गया है।
मुंशी की जमानत अर्जी खारिज, संचालकों पर सुनवाई कल
नकली सीमेंट बनाकर बेचने के मामले में फर्म के आरोपी लालबंगला के परदेवनपुरवा निवासी राहुल कुमार की जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट निशा श्रीवास्तव ने खारिज कर दी है। राहुल नकली सीमेंट फैक्टरी में बतौर मुंशी काम करता था। पुलिस ने उसे मौके से पकड़ा था। वहीं, नीरज व धीरज गुप्ता की अग्रिम जमानत अर्जियों पर सुनवाई के लिए दो नवंबर की तारीख तय की गई है।