Kanpur: डॉक्टर की रिसेप्शनिस्ट ने फंदा लगाकर दी जान, परिजन बोले- बीमारी के चलते उठाया कदम, जांच शुरू
Kanpur News: काकादेव थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर की रिसेप्शनिस्ट ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में सोमवार शाम राजापुरवा इलाके में डॉक्टर की रिसेप्शनिस्ट ने फंदा लगाकर जान दे दी। काम से लौटे परिजनों ने फंदे पर शव लटका देखा, तो चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जेके मंदिर के पीछे रहने वाले प्राइवेटकर्मी अमरेंद्र बहादुर की बेटी काजल देवी (27) गुमटी स्थित डॉक्टर जुनेजा के यहां रिसेप्शनिस्ट पर पिछले दो साल से काम कर रही थी। ममेरे भाई सोनू ने बताया कि काजल के गुर्दे का ऑपरेशन हुआ था, जिस कारण वह पेट संबंधी समस्या से परेशान रहती थी। बताया कि शनिवार को पिता अमरेंद्र, मां मंजू, बहन डॉली और भाई अनुज काम से गए थे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस दौरान बड़ी बहन प्रिया कमरे में सो रही थी। तभी काजल ने पहली मंजिल में बने किचन में जाकर दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। घर लौटे परिजनों ने काजल का फंदे पर लटका शव देखा, तो कोहराम मच गया। काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि बीमारी के कारण युवती ने आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।