कानपुर: दुपट्टे को लेकर बहनों में विवाद, इंटर की छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: सरसौल पावर हाउस परिसर की पोल फैक्टरी में बने कमरे में इंटरमीडिएट की छात्रा ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को बड़ी बहन से दुपट्टा मांगने को लेकर हुई कहासुनी के बाद छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
विस्तार
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद इंटरमीडिएट की छात्रा ने पावर हाउस पोल फैक्टरी में बने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका की मां चंद्रकली का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, जगरूप प्रजापति किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
वह करीब बीस साल पहले गांव में आकर बसे थे। उनके पांच बेटियां और एक बेटा है। सबसे छोटी बेटी खुशी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार शाम को छोटी बहन खुशी ने बड़ी बहन रंजना से दुपट्टा मांगा था, जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद खुशी ने विद्युत विभाग की पोल फैक्टरी के अंदर बने एक कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मां और बहनों ने शव को नीचे उतार लिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
