Kanpur: 1912 डायल करो…तो आगरा-उत्तराखंड में मिलती कॉल, उपभोक्ता परेशान…केस्को का दावा- बढ़ा दी हैं 40 लाइनें
Kanpur News: केस्को का टोल फ्री नंबर 1912 अक्सर दूसरे शहरों और जिलों का बताने और खराब रिस्पांस के कारण उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इससे बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान मुश्किल हो रहा है।
विस्तार
केस- 1
घसियारी मंडी के राकेश राठौर ने बताया कि गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश में बिजली जाने पर रात में कई बार केस्को की हेल्पलाइन 1912 पर कॉल किया। पहले तो कॉल ही नहीं लगी और जब लगी भी तो वह कानपुर से बाहर की थी। ऐसे में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
केस- 2
आनंदबाग के शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार रात को फॉल्ट के चलते खंभे से बिजली चली गई। ऐसे में शिकायत के लिए केस्को के टोल फ्री नंबर पर कॉल लगाई तो वह लखनऊ में लग गई। ऐसा एक नहीं बल्कि दो बार हुआ। इसके बाद परेशान होकर खुद सबस्टेशन गए और शिकायत दर्ज करवाई।
कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी का टोल फ्री नंबर 18001801912 है। हालांकि नंबर मिलाने पर यह कई बार अन्य जिले व प्रदेश का बताने लगता है। इसकी वजह से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में शहर के किस क्षेत्र की बिजली कब और किस समय गुल हो जाए, यह खुद केस्को को भी नहीं पता चलता है। बिजली न आने पर स्थिति की जानकारी के लिए केस्को ने 1912 नंबर जारी किया है।
हालांकि यह नंबर सभी उपभोक्ताओं के काम नहीं आ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली न आने या बिजली संबंधित अन्य समस्या की शिकायत के लिए 1912 पर कॉल की जाती है तो वह नंबर आगरा, उत्तराखंड, प्रयागराज, लखनऊ समेत आदि जिलों का बताता है। सबस्टेशन में जाकर शिकायत करने का भी फायदा इन दिनों नहीं मिल रहा है। सबस्टेशन में लिखे अभियंताओं के नंबर पर कॉल करने पर सही तरीके से रिस्पांस नहीं दिया जा रहा है।
लाइनें दुरुस्त करने के दिए जाएंगे निर्देश
इसकी वजह से लोग केस्को के एक्स अकाउंट पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। केस्को के पास प्रतिदिन ऐसी 10 से 15 शिकायतें पहुंच रही हैं। केस्को प्रबंध निदेशक सैमुअल पॉल एन के मुताबिक 1912 पर कॉल करने में किसी भी प्रकार दिक्कत न हो, इसलिए अब लाइन की संख्या 25 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है। बावजूद इसके अगर नंबर किसी अन्य जिले का बता रहा है, तो इस तकनीकी समस्या को हल करने के लिए संबंधित आईटी सेल को लाइनें दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे।
शिकायत करने पर जरूर लें टोकन नंबर
उपभोक्ता बिजली संबंधित समस्या होने पर 18001801912 पर कॉल करके शिकायत करने के बाद संबंधित कॉलर यानी बिजली कर्मी से टोकन नंबर नहीं लेते हैं। इसकी वजह से उन्हें यह जानकारी नहीं हो पाती कि उनकी समस्या हल हुई या नहीं। जानकारी के लिए दोबारा कॉल करने पर यह कॉल दूसरे बिजली कर्मी के पास जाती है। केस्को प्रबंध निदेशक ने बताया कि 1912 पर कॉल करने पर टोकन नंबर जरूर लें। टोकन के माध्यम से उपभोक्ता को समस्या के संबंधित जानकारी पूछने पर दिक्कत नहीं होगी और उनकी समस्या का निस्तारण करना आसान होगा।
1912 नंबर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के लिए भी है। केस्को के लिए टोलफ्री नंबर 18001801912 है। इस कारण उपभोक्ता जब सिर्फ 1912 नंबर डायल करता है तो वह गैर जिलों में मिल जाता है। -देवेंद्र वर्मा, मीडिया प्रभारी केस्को
